भारत पाकिस्तान से लगती सीमा पर अपनी हवाई सुरक्षा मजबूत करने की तैयारी में है। एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय वायु सेना फरवरी 2027 तक जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास पांचवां S-400 एयर डिफेंस सिस्टम तैनात कर सकती है। यह कदम पाकिस्तान की बढ़ती हवाई सैन्य क्षमताओं और चीन के साथ सीमा पर सुरक्षा चुनौतियों को देखते हुए अहम माना जा रहा है। हालांकि, इस तैनाती की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पाकिस्तान के लड़ाकू विमानों और मिसाइलों पर रहेगी नजर
27 नवंबर की एक अंग्रेजी अखबार की रिपोर्ट में दो वरिष्ठ अधिकारियों के हवाले से बताया गया है कि पांचवीं यूनिट को पाकिस्तान से लगी करीब 740 किलोमीटर लंबी LoC की सुरक्षा के लिए इस्तेमाल किया जाएगा। भारतीय वायु सेना की टीम दिसंबर 2026 में रूस जाकर इस सिस्टम का प्री-डिस्पैच निरीक्षण कर सकती है। इसके बाद फरवरी 2027 तक इसे तैनाती के लिए तैयार करने का लक्ष्य है। पाकिस्तान की सैन्य ताकत में चीन की भूमिका भी भारत की चिंता का विषय है। पाकिस्तान के पास चीनी J-10 लड़ाकू विमान और PL-15E लंबी दूरी की एयर-टू-एयर मिसाइलें हैं। चीन उसे J-35 पांचवीं पीढ़ी के लड़ाकू विमान देने की योजना पर भी काम कर रहा है। इसके अलावा तुर्किये और अमेरिका के साथ उसके रक्षा सहयोग की खबरें भी सामने आती रही हैं। ऐसे में S-400 भारत को दुश्मन के विमानों और मिसाइलों को हवा में ही रोकने की अतिरिक्त क्षमता देगा।
400 किलोमीटर तक लक्ष्य भेदने में सक्षम
रूस की अल्माज-एंटे कंपनी द्वारा विकसित S-400 लंबी दूरी की सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल प्रणाली है। भारत में इसे ‘सुदर्शन चक्र’ के नाम से भी जाना जाता है। इसकी अलग-अलग इंटरसेप्टर मिसाइलों की मारक क्षमता करीब 40 से 400 किलोमीटर तक बताई जाती है। यह लड़ाकू विमान, क्रूज मिसाइल, ड्रोन और कुछ प्रकार की बैलिस्टिक मिसाइलों को निशाना बना सकती है। इसका रडार दूर से आने वाले खतरों की पहचान करता है। इसके बाद कमांड सिस्टम खतरे का आकलन कर उपयुक्त मिसाइल से उसे नष्ट करने का निर्देश देता है। इसकी खासियत एक साथ कई हवाई लक्ष्यों को ट्रैक करने और उन पर कार्रवाई करने की क्षमता है।
पांच अतिरिक्त खरीदने की भी तैयारी
भारत ने अक्टूबर 2018 में रूस के साथ करीब 5.43 अरब डॉलर में पांच S-400 सिस्टम खरीदने का समझौता किया था। रूस-यूक्रेन युद्ध और सप्लाई चेन से जुड़ी दिक्कतों के कारण इनकी आपूर्ति प्रभावित हुई। नवंबर 2026 की रिपोर्ट के मुताबिक, चार यूनिट भारत पहुंच चुकी हैं। इनमें तीन पंजाब, राजस्थान और गुजरात में, जबकि चौथी असम में तैनात बताई गई है। प्रस्तावित पांचवीं यूनिट इस समझौते की आखिरी खेप होगी।
Read More
वडोदरा में जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े संदिग्ध की गिरफ्तारी, AK-47 और 23 कारतूस बरामद

