HomeBreaking NewsSSC कांस्टेबल परीक्षा में बड़ा घोटाला, 7 राज्यों के 30 सेंटर हैक...

SSC कांस्टेबल परीक्षा में बड़ा घोटाला, 7 राज्यों के 30 सेंटर हैक कर 3,777 अभ्यर्थियों को दिलाई परीक्षा

केंद्रीय सुरक्षा बलों में भर्ती के लिए आयोजित SSC कांस्टेबल परीक्षा में बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। उत्तर प्रदेश एसटीएफ की जांच में सामने आया है कि सात राज्यों के 30 परीक्षा केंद्रों के कंप्यूटर सिस्टम में कथित तौर पर सेंधमारी की गई। आरोप है कि हैकरों और परीक्षा केंद्रों से जुड़े लोगों की मदद से 3,777 अभ्यर्थियों को बाहर बैठे सॉल्वर के जरिए ऑनलाइन परीक्षा दिलाई गई। इस मामले में अब तक 15 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

यह परीक्षा केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF), सचिवालय सुरक्षा बल (SSF) और असम राइफल्स में राइफलमैन भर्ती के लिए आयोजित की गई थी। जांच एजेंसियों को शक है कि इस पूरे खेल में हैकर, दलाल और परीक्षा केंद्रों से जुड़े लोग शामिल थे।

यूपी समेत 7 राज्यों के 30 परीक्षा केंद्रों में सेंधमारी

एसटीएफ की जांच के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के अलावा दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश और झारखंड के परीक्षा केंद्रों पर ऑनलाइन सिस्टम से छेड़छाड़ की गई। कुल 30 परीक्षा केंद्रों के खिलाफ गाजियाबाद के वेव सिटी थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। उत्तर प्रदेश में आगरा, झांसी, कानपुर, मेरठ, प्रयागराज और ग्रेटर नोएडा के केंद्र भी जांच के दायरे में हैं। इन केंद्रों पर कुल 1,248 कंप्यूटर सिस्टम हैक किए जाने की जानकारी सामने आई है।

आरोप है कि परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की कंप्यूटर स्क्रीन को बाहर बैठे सॉल्वर के साथ साझा किया जाता था। सॉल्वर सवाल हल करके उनके जवाब अभ्यर्थियों तक पहुंचाते थे। इस तरह परीक्षा केंद्र में मौजूद उम्मीदवारों की जगह दूसरे लोग सवाल हल करने में मदद कर रहे थे।

22 मई को ग्रेटर नोएडा से पकड़ा गया था नेटवर्क

इस मामले में एसटीएफ ने 22 मई 2026 को पहली बड़ी कार्रवाई की थी। ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र स्थित बालाजी डिजिटल जोन परीक्षा केंद्र पर छापा मारकर सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। इनमें परीक्षा केंद्र से जुड़ा अमित राणा भी शामिल था। जांच के दौरान अमित राणा के लैपटॉप से ऑनलाइन परीक्षा आयोजित करने वाली संस्थाओं से जुड़े सोर्स कोड और हैकिंग में इस्तेमाल होने वाले सॉफ्टवेयर मिलने की बात सामने आई। छापेमारी में करीब 50 लाख रुपये नकद और कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी बरामद किए गए थे। इसके बाद जांच का दायरा बढ़ाया गया और दूसरे राज्यों के परीक्षा केंद्रों की भूमिका भी सामने आई।

स्क्रीन शेयरिंग से सॉल्वर तक पहुंचते थे सवाल

जांच एजेंसियों के मुताबिक, गैंग ने कंप्यूटर सिस्टम को दूर से एक्सेस करने के लिए रिमोट एक्सेस और स्क्रीन शेयरिंग सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल किया। परीक्षा शुरू होने के बाद अभ्यर्थियों की स्क्रीन पर आने वाले सवाल बाहर बैठे सॉल्वर तक पहुंचाए जाते थे। वहां से हल किए गए जवाब उम्मीदवारों को उपलब्ध कराए जाते थे। इस नेटवर्क में परीक्षा केंद्रों के कुछ संचालकों की मिलीभगत होने का भी आरोप है। एसटीएफ अब तक 15 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। जांच एजेंसी ने परीक्षा में सेंधमारी और सॉल्वर के इस्तेमाल से जुड़ी रिपोर्ट कर्मचारी चयन आयोग (SSC) को भी भेज दी है।

Read More

आंसू नहीं बहाऊंगी, वो शेर थे… जवान पवन यादव के बलिदान पर बोली उनकी पत्नी

Ram Janam Chauhan
Ram Janam Chauhanhttp://mhone.in
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments