बैंक(Bank) ग्राहकों के लिए जरूरी खबर है। 27 सितंबर 2026 को रविवार होने के बावजूद सभी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक (PSB) और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक (RRB) सामान्य रूप से काम करेंगे। वित्त मंत्रालय ने बताया कि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने इस दिन बैंक शाखाओं, कार्यालयों, एटीएम से जुड़ी शाखाओं और करेंसी चेस्ट को पूरी तरह संचालित रखने की मंजूरी दी है। सरकार का यह कदम यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) की 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय देशव्यापी हड़ताल को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है।
इससे पहले 26 सितंबर को शनिवार और 27 सितंबर को रविवार की छुट्टी होनी थी। ऐसे में हड़ताल के तीन दिनों को मिलाकर बैंकिंग सेवाओं पर लगातार कई दिनों तक असर पड़ सकता था। सरकार का कहना है कि रविवार को बैंक खोलने का उद्देश्य ग्राहकों को हड़ताल से पहले जरूरी बैंकिंग काम निपटाने का अतिरिक्त मौका देना है। इसके साथ ही आवश्यक सेवाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए भी संबंधित स्तर पर तैयारियां की गई हैं।
सरकार ने यूनियनों से की अपील
वित्त मंत्रालय और बैंक प्रबंधन की ओर से यूनियनों से प्रस्तावित हड़ताल टालने की अपील भी की गई है। सरकार ने कहा है कि ग्राहकों की बैंकिंग जरूरतों और जरूरी सेवाओं में किसी तरह की लंबी बाधा न आए, इसके लिए कदम उठाए जा रहे हैं।
हड़ताल को लेकर क्या है स्थिति?
UFBU ने 28, 29 और 30 सितंबर को देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। बैंक यूनियनों की प्रमुख मांगों में पांच दिन की बैंकिंग व्यवस्था समेत कुछ अन्य मुद्दे शामिल हैं। 22 सितंबर की सुलह वार्ता के बाद भी विवाद का समाधान नहीं हो सका, जिसके चलते हड़ताल का कार्यक्रम फिलहाल जारी है।