पंजाब पुलिस में अधिकारी स्तर की नौकरी(Mission Rozgar) की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अहम खबर है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की अध्यक्षता में हुई गृह विभाग की समीक्षा बैठक में पुलिस विभाग में 450 असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (ASI) पदों पर सीधी भर्ती को मंजूरी दी गई है। सरकार के अनुसार, इस भर्ती से योग्य और शिक्षित युवाओं को पुलिस सेवा में आने का अवसर मिलेगा।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि भर्ती प्रक्रिया निर्धारित नियमों के तहत पारदर्शी और मेरिट आधारित रखी जाएगी। मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों को भर्ती से जुड़ी जरूरी औपचारिकताएं जल्द पूरी करने के निर्देश दिए हैं। इसका उद्देश्य चयन प्रक्रिया में अनावश्यक देरी से बचना है।
पंजाब पुलिस में ASI का बड़ा कैडर
पंजाब पुलिस में ASI के कुल 6,810 स्वीकृत पद हैं। ये पद जिला पुलिस, आर्म्ड पुलिस, ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन, इंटेलिजेंस और टेक्निकल सपोर्ट सर्विस समेत पांच कैडरों में हैं। सरकार ने मौजूदा और भविष्य में होने वाली संभावित रिक्तियों का आकलन करने के बाद भर्ती और पदोन्नति की योजना तैयार की है।
चार कैडरों में करीब 70 प्रतिशत रिक्तियां पदोन्नति के जरिए भरने की योजना है जबकि आर्म्ड कैडर में यह अनुपात करीब 90 प्रतिशत है। पदोन्नति की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बाकी 450 पदों पर सीधी भर्ती का फैसला किया गया है।
आवेदन की तारीख का अभी इंतजार
सरकार का कहना है कि नई नियुक्तियों से पुलिस विभाग में कर्मचारियों की कमी कम होगी और कानून-व्यवस्था संभालने में जमीनी स्तर पर मदद मिलेगी। हालांकि, आवेदन शुरू होने की तारीख, आयु सीमा, शैक्षणिक योग्यता, परीक्षा पैटर्न और अन्य शर्तों की आधिकारिक जानकारी अभी जारी नहीं की गई है। इच्छुक अभ्यर्थियों को पंजाब पुलिस की आधिकारिक भर्ती अधिसूचना का इंतजार करना होगा।
[…] पंजाब सरकार का मिशन रोजगार जारी, पंजाब… […]