ग्रेटर नोएडा(Greater Noida) स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में शुक्रवार से पांच दिवसीय उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) के चौथे संस्करण की शुरुआत होगी। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह इस आयोजन का उद्घाटन करेंगे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। इस बार ऑस्ट्रिया, जापान, रूस, सिंगापुर, बेलारूस और वियतनाम पहली बार साझेदार देशों के रूप में ट्रेड शो में शामिल हो रहे हैं।
इन देशों की भागीदारी से उत्तर प्रदेश के कारोबारियों और उद्यमियों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जुड़ने के नए मौके मिलने की उम्मीद है। व्यापारिक साझेदारी, तकनीकी सहयोग, निवेश, सोर्सिंग और प्रदेश के उत्पादों को नए बाजारों तक पहुंचाने पर विशेष ध्यान रहेगा। अंतरराष्ट्रीय और घरेलू खरीदारों के साथ बी2बी बैठकें और अलग-अलग क्षेत्रों पर आधारित नीति सत्र भी आयोजित किए जाएंगे।
2,400 से ज्यादा प्रदर्शक होंगे शामिल
एमएसएमई मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में ट्रेड शो की तैयारियों और उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस आयोजन में 2,400 से अधिक प्रदर्शक हिस्सा लेंगे। करीब 1.5 लाख बी2बी खरीदारों और अन्य आगंतुकों तथा 4.5 लाख से अधिक सामान्य दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है। 85 देशों के 550 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय खरीदार भी इसमें शामिल हो सकते हैं।
ODOP के साथ दिखेगी यूपी की खानपान विरासत
ट्रेड शो में ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट’ के साथ इस वर्ष ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन कुजीन’ को भी प्रमुखता दी जाएगी। प्रदेश के अलग-अलग जिलों के पारंपरिक व्यंजन, स्थानीय स्वाद और खानपान की विरासत को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा।
सरकार के अनुसार, यूपी में 96 लाख से अधिक एमएसएमई इकाइयां हैं। ट्रेड शो का उद्देश्य इन्हें बाजार, निवेश, विस्तार और रोजगार के नए अवसरों से जोड़ना है। अब तक 72 देशों के विदेशी खरीदार पंजीकरण करा चुके हैं।
[…] यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का आज से शंखना… […]