आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दुनिया में टेक दिग्गज मेटा ने एक बड़ा कदम उठाया है। ‘Meta Connect 2026’ कार्यक्रम में कंपनी के सीईओ मार्क जुकरबर्ग ने ‘Muse Charm’ नाम का एक छोटा पॉकेट AI डिवाइस पेश किया है। इस क्रांतिकारी हार्डवेयर की घोषणा होते ही जुकरबर्ग की कुल संपत्ति में 4 बिलियन डॉलर की भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई। यह डिवाइस बिना स्मार्टफोन निकाले या कोई ऐप खोले सीधे AI से बातचीत करने और रोजमर्रा के डिजिटल काम पूरे करने की सुविधा देता है।
जानिए क्या है ‘Muse Charm’ की खासियत
चाबी के गुच्छे में समा जाने वाले इस छोटे से गैजेट में एक छोटी स्क्रीन लगी है, जिस पर AI का डिजिटल अवतार दिखाई देता है। डिवाइस के कोने में लगे सेंसर को टैप करते ही इसका रियल-टाइम वॉयस सिस्टम सक्रिय हो जाता है। इसके भीतर मेटा का शक्तिशाली ‘Muse AI’ काम करता है, जिसे सिर्फ सवाल पूछने के लिए नहीं, बल्कि डिजिटल काम सौंपने के लिए बनाया गया है। यह यूज़र की तरफ से ईमेल भेजने, ट्रैवल टिकट बुक करने और वेबसाइट्स पर फॉर्म भरने जैसे काम खुद निपटा सकता है।
डेटा सुरक्षा के लिए बना स्पेशल Secure VM
मेटा ने यूज़र्स की गोपनीयता को ध्यान में रखते हुए इस तकनीक के लिए एक अलग ‘Secure VM’ यानी वर्चुअल कंप्यूटर तैयार किया है। जब भी AI किसी संवेदनशील कार्य जैसे खरीदारी करने या निजी मेल भेजने की दिशा में आगे बढ़ता है, तो वह सबसे पहले यूज़र से अनुमति मांगता है। यदि कोई कार्य लंबा है, तो यह ऐप बंद होने के बाद भी बैकग्राउंड में अपना काम जारी रखता है।
स्मार्ट ग्लासेज और पॉकेट गैजेट से बनेगा नया इकोसिस्टम
मेटा की इस नई रणनीति का मुख्य मकसद AI को सिर्फ फोन तक सीमित न रखकर यूज़र के दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना है। कंपनी अपने AI ग्लासेज की रेंज को भी तेजी से बढ़ा रही है और साल के अंत तक 100 से ज्यादा स्टाइल पेश करने वाली है। अगर यूज़र ने चश्मा नहीं पहना है, तो जेब में मौजूद यह छोटा डिवाइस AI तक पहुंचने का सबसे तेज माध्यम बनेगा।
बाजार में कब होगा उपलब्ध और कितनी होगी कीमत
कंपनी ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल ‘Muse Charm’ केवल एक प्रोटोटाइप है और बिक्री के लिए उपलब्ध नहीं है। हालांकि, जुकरबर्ग ने संकेत दिया है कि इसे इस वर्ष दिसंबर में छुट्टियों के सीजन तक बाजार में लॉन्च किया जा सकता है। इस डिवाइस की कीमत, बैटरी लाइफ और अन्य तकनीकी क्षमताओं से पर्दा इस साल के अंत में उठाया जाएगा।
READ MORE: NEET PG 2026 का रिजल्ट जारी, 2.83 लाख अभ्यर्थियों ने दी थी परीक्षा

