दुबई से मुंबई आ रही इंडिगो की एक उड़ान को सोमवार को एहतियातन राजकोट अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी। विमान के कार्गो कंपार्टमेंट से धुआं निकलने की चेतावनी मिलने के बाद पायलट ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उड़ान का रास्ता बदलने का फैसला किया। विमान में 194 यात्री सवार थे।
धुएं की चेतावनी मिलते ही बदला गया रूट
उड़ान के दौरान कॉकपिट में कार्गो कंपार्टमेंट से धुएं से जुड़ा अलर्ट मिला। इसके बाद पायलट ने विमान को निर्धारित गंतव्य मुंबई ले जाने के बजाय राजकोट में उतारने का निर्णय लिया। सुरक्षित लैंडिंग के बाद यात्रियों को विमान से बाहर निकाला गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस घटना में किसी यात्री या चालक दल के सदस्य के घायल होने की सूचना नहीं है।
Rajkot, Gujarat: An IndiGo flight operating from Dubai to Mumbai made an emergency landing at Rajkot airport after smoke was detected in cargo hold area. The aircraft landed safely, and all passengers are safe: Rajkot Airport Director Diganta Borah
— ANI (@ANI) July 27, 2026
तकनीकी जांच की गई शुरू
इमरजेंसी लैंडिंग के तुरंत बाद विमान की विस्तार से तकनीकी जांच शुरू कर दी गई। अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि कार्गो कंपार्टमेंट में धुएं की चेतावनी किस वजह से सक्रिय हुई। फिलहाल जांच पूरी होने तक घटना के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है।
एयरपोर्ट पर आपात सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू
विमान की इमरजेंसी लैंडिंग की सूचना मिलते ही राजकोट एयरपोर्ट प्रशासन हाई अलर्ट पर आ गया। रनवे पर सभी आवश्यक आपातकालीन सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू किए गए और राहत एवं बचाव दल को तैनात कर दिया गया। राजकोट फायर विभाग की कई दमकल गाड़ियां और पानी के टैंकर भी मौके पर पहुंचाए गए, ताकि किसी भी संभावित आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
Read More
नागरिक उड्डयन मंत्रालय का राज्यसभा में बयान, AI-171 क्रैश जांच में कोई देरी नहीं हुई…

