भारत के पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद(Ram Nath Kovind) सोमवार सुबह पंचकूला पहुंचे। अपने दौरे के दौरान वे भाजपा के राष्ट्रीय सचिव और हरियाणा के पूर्व मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ के अमरावती स्थित आवास पर गए। यहां धनखड़ ने उनका स्वागत किया और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान प्रकट किया।
पूर्व राष्ट्रपति के आगमन को लेकर धनखड़ के आवास पर विशेष व्यवस्था की गई थी। इस दौरान वहां मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रामनाथ कोविंद का गर्मजोशी से अभिनंदन किया।
राज्यपाल और मंत्री भी रहे मौजूद
रामनाथ कोविंद से मुलाकात के लिए हरियाणा के राज्यपाल प्रो.असीम कुमार घोष भी ओमप्रकाश धनखड़ के निवास पहुंचे। उनके साथ प्रदेश सरकार के पंचायत एवं विकास मंत्री कृष्ण लाल पंवार और शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा भी मौजूद रहे।
इसके अलावा भाजपा और हरियाणा की राजनीति से जुड़े कई वरिष्ठ नेता भी इस अवसर पर शामिल हुए। इनमें हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, पंचकूला की मेयर और कई अन्य जनप्रतिनिधि व पार्टी पदाधिकारी शामिल रहे।
कई राजनीतिक मुद्दों पर हुई चर्चा
पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के सम्मान में आयोजित इस मुलाकात के दौरान नेताओं ने कई मौजूदा विषयों पर बातचीत की। बैठक का माहौल काफी आत्मीय और सौहार्दपूर्ण रहा।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला। नेताओं ने पूर्व राष्ट्रपति के साथ अपने अनुभव साझा किए और विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। रामनाथ कोविंद का पंचकूला दौरा राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर चर्चा का विषय बना रहा।