HomeBreaking Newsमोहाली में CA दंपती की रहस्यमयी मौत से मची सनसनी, नहर में...

मोहाली में CA दंपती की रहस्यमयी मौत से मची सनसनी, नहर में मिले दोनों के शव

पंजाब के जीरकपुर(Mohali) में रहने वाले चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) राजीव बाली और उनकी पत्नी नीरजा बाली की मौत का मामला सामने आया है। दोनों के शव अलग-अलग स्थानों पर नहर से बरामद किए गए। राजीव बाली का शव राजपुरा के खेड़ी गांव के पास भाखड़ा नहर से मिला जबकि उनकी पत्नी नीरजा बाली का शव हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में ज्योतिसर के पास सरस्वती फीडर नहर से बरामद हुआ। शुरुआती जांच में पुलिस आर्थिक तनाव को इस घटना की संभावित वजह मान रही है।

पुलिस के मुताबिक, राजपुरा स्थित भाखड़ा नहर पुल के पास एक कार बिना किसी व्यक्ति के खड़ी मिली थी। तलाशी लेने पर कार से चार मोबाइल फोन और एक लैपटॉप बरामद हुए। मोबाइल नंबरों की मदद से पुलिस ने परिजनों से संपर्क किया और वाहन की पहचान जीरकपुर निवासी राजीव बाली की कार के रूप में हुई है। इसके बाद नहर में खोज अभियान शुरू किया गया जिसमें राजीव का शव बरामद कर लिया गया है।

पत्नी की तलाश के बाद हुई पहचान

परिवार ने बताया कि राजीव और नीरजा घर से निकले थे लेकिन वापस नहीं लौटे। राजीव का शव मिलने के बाद पुलिस उनकी पत्नी नीरजा की तलाश में जुट गई थी। इसी दौरान कुरुक्षेत्र के ज्योतिसर क्षेत्र में एक महिला का शव मिला। जिसकी तस्वीर सामने आने पर नीरजा के भाई दिनेश चावला ने शव की पहचान अपनी बहन के रूप में की और मोर्चरी पहुंचकर इसकी पुष्टि की।

आर्थिक परेशानी को माना जा रहा वजह

परिजनों के मुताबिक, राजीव बाली जीरकपुर के एक मॉल में चार्टर्ड अकाउंटेंसी का कार्यालय चलाते थे। बताया गया कि पिछले कुछ समय से वे आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहे थे। परिवार का मानना है कि इसी मानसिक दबाव के कारण यह दुखद घटना हुई हो सकती है। हालांकि, पुलिस अभी सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

पंजाब पुलिस कर रही जांच

राजीव और नीरजा की शादी वर्ष 2003 में हुई थी। उनके परिवार में 17 वर्षीय बेटा और 13 वर्षीय बेटी हैं। इस घटना के बाद पूरा परिवार गहरे सदमे में है। परिजनों ने किसी व्यक्ति पर संदेह नहीं जताया है और न ही किसी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

चूंकि दंपती जीरकपुर से लापता हुआ था और उनकी कार राजपुरा में मिली थी इसलिए पूरे मामले की जांच पंजाब पुलिस कर रही है। नीरजा के शव का पोस्टमार्टम कुरुक्षेत्र में कराया जाएगा जिसके बाद संबंधित रिपोर्ट और दस्तावेज आगे की कार्रवाई के लिए पंजाब पुलिस को भेजे जाएंगे।

यह भी पढ़ें : उत्तराखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 10 IAS समेत 11 अधिकारियों के हुए ट्रांसफर…

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments