Narendra Modi Longest Serving Prime Minister: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय राजनीति में एक नया इतिहास रच दिया है। बुधवार को प्रधानमंत्री पद पर PM मोदी का लगातार 4,399वां दिन है, जिसके साथ ही उन्होंने देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का 62 साल पुराना रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया है। इसके साथ ही PM मोदी भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री बने हैं।
जवाहरलाल नेहरू का तोडा रिकॉर्ड
जवाहरलाल नेहरू 13 मई 1952 से 27 मई 1964 तक लगातार 4,398 दिनों तक प्रधानमंत्री रहे थे। नरेंद्र मोदी ने 26 मई 2014 को पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। इसके बाद उन्होंने 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों में भी जीत हासिल कर लगातार तीसरी बार केंद्र की सत्ता संभाली। बुधवार को उनके कार्यकाल का 4,399वां दिन पूरा होने के साथ ही उन्होंने नेहरू के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।
पहले गैर-कांग्रेसी प्रधानमंत्री बने
नरेंद्र मोदी सबसे लंबे समय तक लगातार प्रधानमंत्री पद पर रहने वाले पहले गैर-कांग्रेसी नेता भी बन गए हैं। पिछले 12 वर्षों में उनकी सरकार ने कई ऐसे फैसले लिए, जिन्होंने देश की राजनीति, प्रशासन और विकास की दिशा को प्रभावित किया है।
बड़े फैसलों ने बदली तस्वीर
मोदी सरकार के कार्यकाल में जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद-370 हटाने, वस्तु एवं सेवा कर (GST) लागू करने, डिजिटल भुगतान व्यवस्था को बढ़ावा देने, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, कोविड-19 टीकाकरण अभियान और आत्मनिर्भर भारत जैसी प्रमुख योजनाओं को लागू किया गया। सरकार का दावा है कि इन पहलों ने देश के विकास को नई गति दी है और भारत की वैश्विक पहचान को मजबूत किया है।
पीएम मोदी का संदेश
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि उनकी सरकार के 12 वर्ष विश्वास, विकास और जनकल्याण को समर्पित रहे हैं। उन्होंने कहा कि 140 करोड़ देशवासियों के आशीर्वाद और ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ सरकार ने युवाओं, महिलाओं और किसानों को सशक्त बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। प्रधानमंत्री मोदी के अनुसार, इंफ्रास्ट्रक्चर विकास और डिजिटल क्रांति के कारण भारत को दुनिया में नई पहचान मिली है।
वैश्विक स्तर पर भी पहचान
प्रधानमंत्री मोदी का नाम लगातार अलग-अलग अंतरराष्ट्रीय सर्वेक्षणों में लोकप्रिय लोकतांत्रिक नेताओं में शामिल रहा है। इसके अलावा उन्हें दुनिया के 30 से अधिक देशों द्वारा सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किया जा चुका है।
आज NDA का शक्ति प्रदर्शन
प्रधानमंत्री मोदी की इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) बुधवार को शक्ति प्रदर्शन करेगा। राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में NDA शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों, उपमुख्यमंत्रियों और गठबंधन के वरिष्ठ नेताओं की बैठक आयोजित होगी।
चंद्रबाबू नायडू लाएंगे प्रस्ताव
बैठक में प्रधानमंत्री मोदी को बधाई देने के लिए एक विशेष प्रस्ताव पारित किया जाएगा। यह प्रस्ताव तेलुगु देशम पार्टी (TDP) प्रमुख और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू पेश करेंगे। प्रस्ताव को NDA के सभी सहयोगी दलों का समर्थन मिलने की संभावना है।
12 साल की उपलब्धियों का होगा प्रस्तुतीकरण
भारत मंडपम में आयोजित बैठक के दौरान मोदी सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल और प्रमुख उपलब्धियों पर आधारित एक प्रस्तुति भी दी जाएगी। इसमें केंद्र सरकार की प्रमुख योजनाओं, विकास परियोजनाओं और प्रशासनिक सुधारों को प्रमुखता से रखा जाएगा।
Read More:
एक्सप्रेसवे प्रोजेक्ट्स पर CM योगी का होल्ड, मंत्री नंद गोपाल नंदी के हाथ से निकला UPDA का कंट्रोल

