PM Modi Government 12 Years: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को अपने कार्यकाल के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी सरकार का बीता दशक और उससे अधिक का समय विकास, विश्वास और जनकल्याण को समर्पित रहा है। उन्होंने कहा कि 140 करोड़ देशवासियों के आशीर्वाद और ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ सरकार ने युवाओं, महिलाओं और किसानों को सशक्त बनाने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी है।
देशवासियों के समर्थन का जताया आभार
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर साझा किए गए अपने पोस्ट में कहा कि जनता के विश्वास और सहयोग के बल पर सरकार ने अलग -अलग क्षेत्रों में लगातार काम किया है। उन्होंने कहा कि देश के हर वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया गया है, जिससे जनकल्याण की योजनाओं का लाभ व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचा है।
इंफ्रास्ट्रक्चर और डिजिटल क्रांति का किया जिक्र
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सरकार के अथक प्रयासों का ही परिणाम है कि आज भारत को इंफ्रास्ट्रक्चर विकास और डिजिटल क्रांति के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में देश ने कई क्षेत्रों में शानदार प्रगति की है, जिससे भारत की छवि दुनिया में मजबूत हुई है।
हमारी सरकार के बीते 12 वर्ष विश्वास, विकास और जनकल्याण को समर्पित रहे हैं। 140 करोड़ देशवासियों के आशीर्वाद और राष्ट्र प्रथम की भावना से हमने युवाओं, महिलाओं और अपने किसान भाई-बहनों को सशक्त बनाने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी है। यह हमारे अथक प्रयासों का ही परिणाम है कि… pic.twitter.com/URtsOWF4BT
— Narendra Modi (@narendramodi) June 9, 2026
विकसित भारत के लक्ष्य पर सरकार का फोकस
पीएम मोदी ने अपनी पोस्ट में कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए सरकार सेवा, सुशासन और समृद्धि के मार्ग पर आगे बढ़ती रहेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि देश निरंतर विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को और मजबूती मिलेगी।
2014 में पहली बार बने थे प्रधानमंत्री
PM नरेंद्र मोदी ने 26 मई 2014 को पहली बार भारत के प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। इसके बाद उन्होंने लगातार दो और आम चुनावों में जीत हासिल कर सरकार बनाई। 9 जून 2024 को उन्होंने तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली, जिसके साथ ही उन्होंने भारतीय राजनीति में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया।
सबसे लंबे समय तक निर्वाचित PM बने मोदी
9 जून 2026 तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 4,398 दिन पूरे हो गए हैं। इसी के साथ वह स्वतंत्र भारत में सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने वाले नेता बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। यह उपलब्धि भारतीय राजनीति में उनके लंबे और लगातार जनसमर्थन को दर्शाती है।
Read More:
दुबई से न्यू जर्सी तक भारतीय आमों का जलवा, एयर इंडिया ने 3 महीनों में पहुँचाए 1,000 टन से ज़्यादा आम

