गुरुग्राम STF ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए हरियाणा के भिवानी से एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 35 करोड़ रुपये कीमत की हेरोइन बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहित के रूप में हुई है, जो पंजाब से हेरोइन लाकर हरियाणा के अलग-अलग इलाकों में सप्लाई करने का काम करता था।
घर में दबिश देकर पकड़ा गया आरोपी
STF को गुप्त सूचना मिली थी कि भिवानी निवासी रोहित बड़े स्तर पर नशा तस्करी में शामिल है। इसके बाद टीम ने उसके घर पर दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान पुलिस को भारी मात्रा में हेरोइन बरामद हुई। शुरुआती जांच में इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 35 करोड़ रुपये आंकी गई है।
पंजाब से लाकर हरियाणा में करता था सप्लाई
पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी पंजाब से हेरोइन की खेप मंगवाकर हरियाणा के विभिन्न जिलों में सप्लाई करता था। पुलिस के मुताबिक इस पूरे नेटवर्क में उसका भाई भी शामिल है, जो फिलहाल फरार चल रहा है। बताया जा रहा है कि आरोपी का भाई पहले से ही पंजाब में नशा तस्करी के कई मामलों में वांछित है और उसे भगोड़ा घोषित किया जा चुका है।
पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी STF
STF अब आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है ताकि इस ड्रग नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके। पुलिस को शक है कि इस गिरोह में कई और तस्कर शामिल हैं, जो पंजाब से हरियाणा तक नशे की सप्लाई चेन चला रहे हैं। पुलिस आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है, ताकि पूरे रैकेट का खुलासा किया जा सके।
Read More

