Crude Oil Price: अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में एक बार फिर तेजी देखने को मिल रही है। मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव, होर्मुज स्ट्रेट में तेल टैंकरों पर लगातार हो रहे हमलों और सऊदी अरब के ऊर्जा ठिकानों को निशाना बनाए जाने से तेल की सप्लाई को लेकर चिंता बढ़ गई है। शुक्रवार को ब्रेंट क्रूड की कीमत नवंबर महीने के उच्चतम स्तर के करीब पहुंच गई।
वहीं, अमेरिकी WTI क्रूड में भी जोरदार उछाल दर्ज किया गया। बाजार के जानकारों का अनुमान है कि अगर सप्लाई में बाधाएं जारी रहीं तो ब्रेंट क्रूड की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल के पार जा सकती है।
एक महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंचा कच्चा तेल
गुरुवार को ब्रेंट क्रूड की कीमत में करीब 2 डॉलर प्रति बैरल की तेजी दर्ज की गई थी। इसके साथ ही यह 6 नवंबर के बाद अपने सबसे ऊंचे स्तर पर बंद हुआ। शुक्रवार सुबह कारोबार के दौरान इसमें मामूली गिरावट आई और यह 96.46 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड करता नजर आया।
दूसरी ओर, अमेरिकी WTI क्रूड करीब 2 डॉलर प्रति बैरल की तेजी के साथ 85.66 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। खास बात यह है कि दोनों प्रमुख बेंचमार्क पिछले चार सप्ताह में पहली बार साप्ताहिक बढ़त की ओर बढ़ रहे हैं। इससे अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार में बढ़ती हलचल का अंदाजा लगाया जा सकता है।
क्या 100 डॉलर के पार पहुंच जाएगा ब्रेंट क्रूड?
कच्चे तेल की कीमतों में दोबारा तेजी आने के बाद अब सबसे बड़ा सवाल है कि क्या ब्रेंट क्रूड 100 डॉलर प्रति बैरल का आंकड़ा पार कर जाएगा। ANZ के विश्लेषकों ब्रायन मार्टिन और डेनियल हाइन्स के मुताबिक, मिडिल ईस्ट में किसी नए बड़े सैन्य टकराव के बिना भी तेल की कीमतों में तेजी बनी रह सकती है।
विश्लेषकों का मानना है कि अगर तेल की सप्लाई में कमी आती है तो ब्रेंट क्रूड 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच सकता है। इससे पहले अमेरिकी मिडटर्म चुनाव के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई आगे नहीं बढ़ाने के संकेत दिए जाने पर तेल की कीमतों में कुछ राहत मिली थी। हालांकि, ईरान और हूती विद्रोहियों के हमलों ने बाजार की चिंताएं फिर बढ़ा दी हैं।
सऊदी अरामको की जजान रिफाइनरी पर हमला
तेल बाजार में बढ़ती चिंता की एक बड़ी वजह सऊदी अरब के ऊर्जा ठिकानों पर हमले भी हैं। सऊदी ऊर्जा मंत्रालय के मुताबिक, गुरुवार को प्रोजेक्टाइल हमले के बाद सऊदी अरामको की जजान रिफाइनरी का संचालन अस्थायी रूप से रोकना पड़ा। इस हमले में एक नेपाली कर्मचारी की मौत हो गई।
इससे एक दिन पहले हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब की सबसे बड़ी रास तनुरा रिफाइनरी के अलावा जेद्दा और जजान बंदरगाहों पर हमले करने का दावा किया था। इन घटनाओं से क्षेत्र में तेल उत्पादन और निर्यात को लेकर अनिश्चितता बढ़ गई है।
रूस, थाईलैंड और वेनेजुएला की रिफाइनरियां भी प्रभावित
तेल की सप्लाई पर दबाव केवल मिडिल ईस्ट तक सीमित नहीं है। अक्टूबर के अंत से यूक्रेन ने रूसी तेल रिफाइनरियों पर ड्रोन हमले तेज कर दिए हैं। इसके अलावा गुरुवार को थाईलैंड की बांगचाक और वेनेजुएला की अमुए रिफाइनरी में भी आग लगने की घटनाएं सामने आईं। इन घटनाओं ने वैश्विक तेल बाजार की चिंताओं को और बढ़ा दिया है।
OPEC+ की बैठक में क्या होगा फैसला?
तेल की सप्लाई से जुड़ी इन चुनौतियों के बीच अब रविवार को होने वाली OPEC+ की बैठक पर दुनियाभर के बाजारों की नजरें टिकी हैं। सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में सदस्य देश 2027 की पहली तिमाही के लिए तेल उत्पादन का लक्ष्य मौजूदा स्तर पर ही बनाए रखने का फैसला कर सकते हैं।
अगर उत्पादन में बढ़ोतरी नहीं होती और अलग-अलग क्षेत्रों में सप्लाई से जुड़ी बाधाएं जारी रहती हैं, तो आने वाले दिनों में कच्चे तेल की कीमतों पर दबाव और बढ़ सकता है। ऐसे में ब्रेंट क्रूड का 100 डॉलर प्रति बैरल के पार जाना अंतरराष्ट्रीय बाजार के लिए एक बड़ी चुनौती बन सकता है।
Read More:

