Accident on Agra-Aligarh Highway: आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। तेज रफ्तार लोडर और सवारियों से भरे टेंपो के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि टेंपो के परखच्चे उड़ गए और उसमें बैठे लोग सड़क पर जा गिरे।
हादसे में दिल्ली के एक दंपती और 15 वर्षीय युवा क्रिकेटर समेत चार लोगों ने जान गंवा दी। वहीं, तीन लोग घायल हुए हैं, जिनमें मृतक दंपती के दो बच्चे भी शामिल हैं। दोनों बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
भतीजे की शादी में शामिल होने आ रहा था परिवार
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली के जहांगीरपुरी निवासी 50 वर्षीय ओमकार गुरुवार शाम अपनी 35 वर्षीय पत्नी विनीता, 18 वर्षीय बेटी प्रियंका और 11 वर्षीय बेटे लक्ष्य के साथ अलीगढ़ पहुंचे थे।
परिवार को हाथरस में अपने भतीजे की शादी में शामिल होना था। अलीगढ़ से हाथरस जाने के लिए सभी टेंपो में सवार हो गए। रास्ते में अन्य यात्री भी टेंपो में बैठते गए। बताया जा रहा है कि हादसे के समय टेंपो में सात से अधिक लोग सवार थे।
तेज रफ्तार लोडर ने टेंपो को मारी टक्कर
यह हादसा गुरुवार शाम करीब पांच बजे आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गांव नगला भूरा के पास राधिका ढाबे के नजदीक हुआ। बताया जा रहा है कि टेंपो हाथरस की ओर जा रहा था, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार लोडर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार यात्री सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
युवा क्रिकेटर समेत चार लोगों की मौत
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और टेंपो में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। दुर्घटना में ओमकार की मौके पर ही मौत हो गई। उनके साथ टेंपो में सवार 15 वर्षीय अश्वनी कुशवाहा ने भी दम तोड़ दिया।
अश्वनी क्रिकेटर था और उसकी मौत से इलाके में शोक का माहौल है। इसके अलावा 65 वर्षीय चंद्रपाल की भी हादसे में जान चली गई।
वहीं, गंभीर रूप से घायल विनीता ने अलीगढ़ ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में मृतकों की संख्या चार हो गई। दुर्घटना में घायल तीन लोगों में ओमकार के दोनों बच्चे प्रियंका और लक्ष्य भी शामिल हैं। दोनों को गंभीर हालत में अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने लोडर चालक को पकड़ा
हादसे के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल भिजवाया और मामले की जांच शुरू कर दी। एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि लोडर चालक को पकड़ लिया गया है। पुलिस को शिकायत मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Read More:


[…] […]