उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में खुद को आईएएस अधिकारी बताकर शादी करने वाले आरोपी प्रीतम कुमार निषाद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इटावा निवासी प्रीतम को जालौन से पकड़ा गया। एसपी सिटी निमिष पाटिल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
दहेज के नाम पर वसूले लाखों
आरोप है कि प्रीतम ने खुद को मणिपुर कैडेट का आईएएस अधिकारी बताकर 11 मार्च को गोरखपुर में दूसरी शादी की। उसने दहेज और शादी खर्च के नाम पर करीब 15 लाख रुपये वसूल लिए, जबकि लड़की पक्ष ने शादी में करीब 30 लाख रुपये खर्च किए।
घर पहुंचते ही सच आया सामने
शादी के बाद विदाई के समय लड़की पक्ष को आरोपी पर शक हुआ। इसके बाद परिजन उसकी लोकेशन ट्रैक करते हुए इटावा पहुंचे, जहां उसकी सच्चाई सामने आ गई। वहां पता चला कि वह आईएएस नहीं, बल्कि एक सामान्य युवक है और फर्जी पहचान के जरिए लोगों को ठग रहा था।
व्हाट्सएप ग्रुप से बना था रिश्ता
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ‘निषाद विवाह’ नाम के व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए पीड़ित परिवार के संपर्क में आया था। विश्वास जीतने के लिए उसने खुद को आईएएस बताते हुए फर्जी फोटो, वीडियो और इंटरव्यू तक दिखाए।
दो शादियों की बात कबूली
पूछताछ में प्रीतम ने स्वीकार किया कि उसने कभी यूपीएससी परीक्षा पास नहीं की। उसने बताया कि वह सिर्फ बीएससी तक पढ़ा है और अब तक दो शादियां कर चुका है। वह लोगों को धोखा देकर पैसा कमाने के लिए इस तरह की साजिश रचता था। बता दें कि पीड़ित परिवार के अनुसार, सगाई के समय आरोपी को 10 लाख रुपये नकद दिए गए, जबकि शादी के दिन 5 लाख रुपये और दिए गए। उसने दहेज न लेने का झांसा दिया, लेकिन बाद में खर्च के नाम पर पैसे ऐंठ लिए।
पुलिस कर रही पूछताछ
पुलिस अब आरोपी से जुड़े अन्य लोगों और शादी में शामिल व्यक्तियों से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में और भी खुलासे हो सकते हैं और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Read More
पंजाब में नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी, हेरोइन- अफीम समेत 104 तस्कर गिरफ्तार

