हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (BSEH) ने कक्षा 10वीं के परीक्षा परिणाम 2026(HBSE Board Class 10 Results) घोषित कर दिए हैं। बोर्ड अध्यक्ष पवन कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान रिजल्ट जारी किया। परीक्षा में शामिल छात्र अब बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट bseh.org.in पर जाकर अपना परिणाम देख सकते हैं और मार्कशीट डाउनलोड कर सकते हैं।
इसके अलावा छात्रों को डायरेक्ट लिंक के माध्यम से भी रिजल्ट चेक करने की सुविधा दी गई है। रिजल्ट जारी होने के साथ ही बोर्ड ने इस वर्ष की टॉपर्स सूची भी सार्वजनिक की है। राज्य सरकार की ओर से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।
राधिका ने मारी बाजी
इस बार राधिका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 500 में से 492 अंक हासिल किए और पूरे प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं लवलीन कौर दूसरे स्थान पर रहीं जबकि कुमकुम यादव ने तीसरी रैंक हासिल की।
हरियाणा बोर्ड ने छात्रों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ही अपना रिजल्ट जांचें, ताकि किसी तरह की गलत जानकारी से बचा जा सके।
कितने विद्यार्थियों ने पास की परीक्षा ?
हरियाणा बोर्ड की सेकेंडरी (शैक्षिक) वार्षिक परीक्षा फरवरी-मार्च 2026 में इस बार बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की है। बोर्ड की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, नियमित श्रेणी में कुल 2,76,640 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए थे।
इनमें से 2,47,860 परीक्षार्थी सफल घोषित किए गए हैं। जबकि 22,579 विद्यार्थियों को कंपार्टमेंट मिली है। वहीं स्वयंपाठी श्रेणी में 4,556 छात्रों ने परीक्षा दी थी। इनमें 3,190 विद्यार्थी परीक्षा में सफल रहे, जबकि 1,366 छात्र पास नहीं हो सके।
बोर्ड ने दी जानकारी
बोर्ड ने यह भी जानकारी दी है कि रिजल्ट जारी होने के बाद छात्र केवल आधिकारिक वेबसाइट ही नहीं, बल्कि DigiLocker के माध्यम से भी अपना परिणाम देख सकेंगे। छात्र डिजीलॉकर पोर्टल पर जाकर या मोबाइल ऐप डाउनलोड करके आसानी से अपनी डिजिटल मार्कशीट और रिजल्ट एक्सेस कर सकते हैं।