Jabalpur Bargi Dam Cruise Accident: मध्यप्रदेश के जबलपुर में नर्मदा नदी पर स्थित बरगी डैम में गुरुवार शाम बड़ा हादसा हो गया, यहां पर्यटकों से भरा एक क्रूज तेज आंधी और तूफान के बीच डूब गया। शुक्रवार सुबह तक इस हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 9 हो गई है, जबकि कई लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं।
18 लोगों को सुरक्षित बचाया गया
हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य तेजी से चलाया जा रहा है। अब तक 18 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। प्रशासन के अनुसार क्रूज में लगभग 40 से 45 पर्यटक सवार थे। हादसा डैम के किनारे से करीब 300 मीटर अंदर हुआ, जहां अचानक तेज हवाओं और बारिश के कारण क्रूज अनियंत्रित होकर डूब गया।
रेस्क्यू ऑपरेशन में सेना और कई एजेंसियां जुटीं
रेस्क्यू ऑपरेशन में स्थानीय प्रशासन के साथ-साथ भारतीय सेना भी शामिल हो गई है। शुरुआती बचाव कार्य SDRF ने शुरू किया था, लेकिन अंधेरा और खराब मौसम के कारण अभियान प्रभावित हुआ। शुक्रवार सुबह मौसम में सुधार के बाद रेस्क्यू फिर शुरू किया गया। हैदराबाद से विशेष टीम और हेलीकॉप्टर भेजा गया है, जबकि कोलकाता से पैरामिलिट्री बल भी मौके पर पहुंच चुके हैं।
20 फीट गहराई में फंसा क्रूज
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार हादसे के बाद क्रूज करीब 20 फीट गहरे पानी में फंस गया। जेसीबी और नावों की मदद से उसे लगभग 30 मीटर तक खींचा गया, लेकिन आगे बढ़ाना संभव नहीं हो सका। फिलहाल पोकलेन मशीन और अन्य भारी उपकरणों की मदद से क्रूज को बाहर निकालने की कोशिश की जा रही है।
चंद मिनटों में मौसम बदलने से हुआ हादसा
क्रूज पायलट महेश के मुताबिक वह पिछले 10 वर्षों से इस काम में हैं और सभी सुरक्षा इंतजाम मौजूद थे। हालांकि, तूफान इतनी तेजी से आया कि यात्रियों को लाइफ जैकेट पहनने तक का समय नहीं मिला। अचानक बदले मौसम ने पूरे घटनाक्रम को कुछ ही मिनटों में भयावह बना दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तेज आंधी और बारिश इस हादसे की मुख्य वजह रही। मौसम के बिगड़ते हालात के चलते दृश्यता कम हो गई और क्रूज का संतुलन बिगड़ गया, जिससे यह हादसा हुआ। प्रशासन ने मौसम की चेतावनियों को गंभीरता से लेने की अपील की है।
राहत-बचाव कार्य जारी
फिलहाल प्रशासन और बचाव एजेंसियां लापता लोगों की तलाश में जुटी हुई हैं। आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। पूरे इलाके में हाई अलर्ट जारी है और बचाव कार्य लगातार जारी है।
Read More:

