HomeBreaking NewsGunmaster G9 Review: इमरान हाशमी का धांसू एक्शन, अपारशक्ति खुराना की खौफनाक...

Gunmaster G9 Review: इमरान हाशमी का धांसू एक्शन, अपारशक्ति खुराना की खौफनाक अदाकारी, कैसी है गनमास्टर G9? पढ़ें पूरा रिव्यू

Gunmaster G9 Movie Review: इमरान हाशमी, जेनेलिया देशमुख और अपारशक्ति खुराना की एक्शन-थ्रिलर फिल्म ‘गनमास्टर G9’ सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। फिल्म में एक्शन, इमोशन, सस्पेंस और कई चौंकाने वाले ट्विस्ट देखने को मिलते हैं।

कहानी एक ऐसे पूर्व शूटर की है, जो अपराध की दुनिया छोड़कर परिवार के साथ सुकून की जिंदगी बिता रहा होता है, लेकिन हालात उसे दोबारा बंदूक उठाने पर मजबूर कर देते हैं। फिल्म में इमरान का नया एक्शन अवतार और अपारशक्ति का खूंखार अंदाज खास आकर्षण है।

हालांकि, कमजोर स्क्रीनप्ले और कुछ कमियां फिल्म के मजे को थोड़ा कम करती हैं। आइए जानते हैं कैसी है ‘गनमास्टर G9’ और क्या यह आपके टिकट के पैसे वसूल करती है।

क्या है ‘गनमास्टर G9’ की कहानी?

फिल्म की कहानी ईश्वर (इमरान हाशमी) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो कभी अपराध की दुनिया का खूंखार शूटर हुआ करता था। हालांकि, अब उसने बंदूक छोड़ दी है और गाय-भैंस पालने के साथ डेयरी का कारोबार करता है।

उसकी जिंदगी पत्नी आरती (जेनेलिया देशमुख) और गोद ली हुई बेटी जिया (इनायत वर्मा) के आसपास सिमटी हुई है। जिया आरती को मां मानती है, लेकिन उसे मां कहकर बुलाने में हिचकिचाती है।

ईश्वर की शांत जिंदगी में उस समय भूचाल आ जाता है, जब पुलिस अधिकारी राणा (अभिषेक सिंह) को उसकी पुरानी पहचान का पता चल जाता है। उसे मालूम होता है कि सीधा-सादा डेयरी कारोबारी असल में अंडरवर्ल्ड का खतरनाक शूटर ‘गनमास्टर’ है।

इसके बाद पुलिस ईश्वर को उसके पुराने गैंग में वापस जाने और नए गैंगस्टर देसू राठी (अपारशक्ति खुराना) को खत्म करने के लिए मजबूर करती है। देसू अब देश के दुश्मनों के साथ मिल चुका है।

परिवार की सुरक्षा के लिए ईश्वर दोबारा अपराध की दुनिया में लौटता है, लेकिन देसू को उस पर शक होने लगता है। इसके बाद वह ईश्वर के परिवार को खत्म करने की धमकी देता है। अब ईश्वर अपने परिवार को कैसे बचाता है, यही फिल्म की आगे की कहानी है।

ट्विस्ट और एक्शन से भरपूर है फिल्म

‘गनमास्टर G9’ शुरुआत से ही दर्शकों को बांधे रखने की कोशिश करती है। कहानी में कई ऐसे मोड़ आते हैं, जो आपको चौंका सकते हैं। हालांकि, इंटरवल से पहले स्क्रीनप्ले बार-बार अतीत में जाता है। कभी सात साल पहले तो कभी 14 साल पुराने घटनाक्रम दिखाए जाते हैं, जिससे कहानी थोड़ी उलझ जाती है।

फिल्म में भावनात्मक दृश्यों के मुकाबले एक्शन को ज्यादा जगह दी गई है। इमरान हाशमी इस बार अपने पुराने रोमांटिक और डार्क अंदाज से अलग सलमान खान स्टाइल में जबरदस्त एक्शन करते नजर आते हैं।

फिल्म की रफ्तार भी ठीक रहती है, लेकिन क्लाइमैक्स थोड़ा लंबा और कमजोर महसूस होता है। खासकर देसू जैसे खतरनाक विलेन का अंत दर्शकों की उम्मीदों के मुताबिक दमदार नहीं बन पाता।

निर्देशन और लेखन में कहां रह गई कमी?

फिल्म का निर्देशन आदित्य दत्त ने किया है। करीब 21 साल बाद वह इमरान हाशमी और हिमेश रेशमिया की पुरानी जोड़ी के साथ नजर आए हैं। उनका निर्देशन स्टाइलिश है और कहानी में ट्विस्ट पेश करने का तरीका भी अच्छा है। हालांकि, सस्पेंस और कहानी के मामले में फिल्म उनकी पुरानी फिल्म ‘टेबल नंबर 21’ जैसा प्रभाव नहीं छोड़ पाती।

सारिम मोमिन और जुनैद वसी की लिखावट में कुछ संवाद काफी प्रभावशाली हैं। खासकर आरती का वह संवाद, जिसमें वह कहती है कि अतीत जानने की जिद तो कंपनियां करती हैं, दो इंसानों को साथ आने के लिए पुराने जख्म कुरेदने की जरूरत नहीं। हालांकि, देशविरोधी गतिविधियों से जुड़ा पहलू पूरी तरह सामने नहीं आ पाता और अधूरा लगता है।

फिल्म में हिंसा भी काफी ज्यादा दिखाई गई है। खासकर मासूम जिया के सामने होने वाली क्रूरता कई दृश्यों में असहज कर देती है। वहीं, हिमेश रेशमिया की आवाज में गाना ‘अफसाना अफसाना’ सुनने में अच्छा लगता है।

कैसी है इमरान हाशमी और अपारशक्ति खुराना की एक्टिंग?

अभिनय की बात करें तो इमरान हाशमी फिल्म की सबसे मजबूत कड़ी हैं। वह अपने किरदार में सहज नजर आते हैं और एक्शन दृश्यों में भी शानदार प्रदर्शन करते हैं। उनका बदला हुआ अंदाज दर्शकों को पसंद आ सकता है।

जेनेलिया देशमुख का किरदार शुरुआत में सामान्य लगता है, लेकिन दूसरे हाफ में उनका रोल कई चौंकाने वाले मोड़ लेकर आता है। उन्होंने अपने किरदार को ईमानदारी से निभाया है। वहीं, अपारशक्ति खुराना सबसे ज्यादा प्रभावित करते हैं। अपनी सॉफ्ट और कॉमिक छवि से बाहर निकलकर उन्होंने देसू के किरदार में खतरनाक विलेन वाला अंदाज दिखाया है।

बाल कलाकार इनायत वर्मा ने भी अच्छा काम किया है। दूसरी ओर, पुलिस अधिकारी की भूमिका में अभिषेक सिंह थोड़ा निराश करते हैं। शाद रंधावा, मनीष चौधरी और स्नेहल दीक्षित मेहरा को स्क्रीन पर ज्यादा कुछ करने का मौका नहीं मिला।

देखें या नहीं ‘गनमास्टर G9’?

कुल मिलाकर, ‘गनमास्टर G9’ एक ऐसी एक्शन-थ्रिलर फिल्म है, जिसमें कुछ कमियों के बावजूद मनोरंजन की कमी नहीं है। इमरान हाशमी का नया एक्शन अवतार, अपारशक्ति खुराना की शानदार निगेटिव भूमिका, जेनेलिया का चौंकाने वाला किरदार और कहानी में आने वाले ट्विस्ट फिल्म को देखने लायक बनाते हैं।

हालांकि, कमजोर टाइमलाइन, जरूरत से ज्यादा हिंसा, कुछ संवादों की कमजोर अदायगी और फीका क्लाइमैक्स इसकी कमियां हैं। फिल्म का अंत ‘टू बी कंटीन्यूड’ के संकेत के साथ होता है, जो आगे की कहानी को लेकर उत्सुकता बढ़ाता है।

अगर आपको एक्शन, सस्पेंस और इमोशन से भरपूर फिल्में पसंद हैं, तो ‘गनमास्टर G9’ देख सकते हैं। कुल मिलाकर, यह एक वाजिब और पैसा वसूल मनोरंजक फिल्म साबित हो सकती है।

Read More:

भारतीयों को घटिया खाना बेच रहीं विदेशी कंपनियां! सुप्रीम कोर्ट ने लगाई फटकार, पैकेट पर लगाना होगा खास चेतावनी लेबल

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments