HomeBreaking Newsशेख हसीना की वापसी से पहले बांग्लादेश में सियासी हलचल तेज, दो...

शेख हसीना की वापसी से पहले बांग्लादेश में सियासी हलचल तेज, दो दिन के लॉकडाउन का ऐलान

बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की प्रस्तावित वापसी से पहले राजनीतिक तनाव बढ़ गया है। उनकी पार्टी आवामी लीग ने 27 और 28 नवंबर को देशव्यापी फुल लॉकडाउन का ऐलान किया है। पार्टी के कार्यकर्ता बुधवार से ही ढाका में जुटने लगे हैं। दूसरी ओर, सरकार साफ कर चुकी है कि आवामी लीग को देश में दोबारा राजनीतिक गतिविधियां करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

गोपालगंज में सबसे ज्यादा सुरक्षा बल तैनात

तनाव की आशंका को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। बांग्लादेश की स्थानीय मीडिया के मुताबिक, बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) ने सात जिलों में 109 प्लाटून तैनात किए हैं। इनमें सावर और अशुलिया में 18, नारायणगंज में 7, गाजीपुर में 18, मैमनसिंह के भालुका में 2 और गोपालगंज में 56 प्लाटून शामिल हैं। सबसे ज्यादा जवान शेख हसीना के गृह जिले गोपालगंज में लगाए गए हैं। इससे पहले पिछले सप्ताह वहां करीब 2,000 पुलिसकर्मियों के साथ BGB की 10 प्लाटून और स्पेशल रिस्पॉन्स बटालियन (SRB) के जवान तैनात किए गए थे।

आवामी लीग ने सरकार के सामने रखीं कई मांगें

लॉकडाउन के ऐलान के साथ पार्टी ने अपनी मांगें भी दोहराई हैं। आवामी लीग चाहती है कि शेख हसीना और पार्टी नेताओं के खिलाफ दर्ज मामले वापस लिए जाएं और कथित राजनीतिक रूप से प्रेरित फैसले रद्द हों। पार्टी पर लगा प्रतिबंध हटाकर उसे राजनीतिक गतिविधियां करने की अनुमति देने की मांग भी की गई है। इसके अलावा राजनीतिक बंदियों की रिहाई, उनके खिलाफ मुकदमे खत्म करने और महंगाई पर नियंत्रण की मांग उठाई गई है। पार्टी ने बिजली, गैस, पानी, ईंधन, खाद और जरूरी वस्तुओं की कीमतें घटाने की बात कही है। बंद उद्योगों को दोबारा खोलने और बेरोजगार श्रमिकों को काम देने की मांग भी शामिल है। आवामी लीग ने नागरिकों, महिलाओं, बच्चों और अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा हत्या, बलात्कार, जबरन वसूली और अवैध कब्जों पर रोक लगाने की मांग की है। पार्टी ने सैन्य और नागरिक अधिकारियों के साथ पत्रकारों पर कथित झूठे मुकदमे वापस लेने, प्रेस की स्वतंत्रता बनाए रखने और आतंकवाद तथा उग्रवाद के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की है।

16 दिसंबर को वापसी का दावा

शेख हसीना के प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटेंगी। वह दो साल से अधिक समय से भारत में रह रही हैं। 16 दिसंबर को बांग्लादेश में 1971 के मुक्ति संग्राम में जीत की वर्षगांठ मनाई जाती है। यह पहली बार है जब हसीना की ओर से वापसी की कोई निश्चित तारीख बताई गई है। ऐसे में उनके लौटने से पहले ही देश में राजनीतिक टकराव और कानूनी तनाव बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

Read More

आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, युवा क्रिकेटर समेत 4 की दर्दनाक मौत, शादी में जा रहे परिवार पर टूटा कहर

Ram Janam Chauhan
Ram Janam Chauhanhttp://mhone.in
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments