हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले में गुरुवार रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में कच्छाधारी गुलेल गैंग के 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस कार्रवाई को नारनौल की पुलिस टीम ने अंजाम दिया। पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जबकि बाकी पांच आरोपियों को मौके से दबोच लिया गया।
बड़ी वारदात की फिराक में थे आरोपी
पुलिस को सूचना मिली थी कि कच्छाधारी गुलेल गैंग के सदस्य महेंद्रगढ़ इलाके में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। जैसे ही पुलिस टीम संदिग्धों के पास पहुंची, बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला और दोनों तरफ से कई राउंड गोलियां चलीं।
दो बदमाश हुए घायल
मुठभेड़ के दौरान दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें इलाज के लिए महेंद्रगढ़ के नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। वहीं पुलिस ने मौके से पांच अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों में दो इनामी बदमाश भी शामिल बताए जा रहे हैं।
हथियार और वारदात का सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कई अवैध पिस्टल, जिंदा कारतूस, मैगजीन और अन्य हथियार बरामद किए हैं। इसके अलावा गुलेल, सरिया और वायर कटर भी बरामद हुए हैं, जिनका इस्तेमाल वारदातों में किया जाना था। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक गैंग के सदस्य पहले भी लूट, रंगदारी, फायरिंग और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामलों में शामिल रह चुके हैं।
मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं आरोपी
जानकारी के मुताबिक गिरफ्तार सभी आरोपी मध्य प्रदेश के निवासी बताए जा रहे हैं। इनमें से एक आरोपी पर 15 हजार रुपये और दूसरे पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित था। महेंद्रगढ़ के SP दीपक ने सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाली संयुक्त पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
Read more
ब्लैडर से निकले मुर्गी के अंडे जितने 5 विशाल स्टोन, देखकर डॉक्टरों के भी उड़े होश

