मेरठ के चर्चित आबूलेन होटल कांड में पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। होटल स्क्वायर के मैनेजर कृष्णा और मालिक गोविंद चौरसिया को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों को सदर बाजार पुलिस ने कैंट रेलवे स्टेशन के पास से पकड़ा। युवती को होटल में बंधक बनाने, मारपीट और दुष्कर्म की कोशिश के मामले में दोनों वांछित चल रहे थे।
CCTV वीडियो वायरल होने के बाद चर्चा में आया था मामला
आबूलेन स्थित होटल स्क्वायर का मामला उस समय सुर्खियों में आया था, जब घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में एक युवती होटल से ‘बचाओ-बचाओ’ चिल्लाते हुए बाहर निकलती दिखाई दी थी। उसके पीछे एक युवक दौड़ता हुआ आया और उसे पकड़कर दोबारा होटल के अंदर खींचने की कोशिश करता नजर आया। इस घटना के बाद युवती ने होटल में बंधक बनाए जाने, मारपीट और दुष्कर्म की कोशिश के आरोप लगाए थे। मामले में मुख्य आरोपी सलमान के खिलाफ पुलिस पहले ही कार्रवाई कर चुकी है। अब जांच के दौरान होटल के मैनेजर और मालिक की भूमिका सामने आने के बाद उनकी तलाश की जा रही थी।
विवेचना में सामने आए दोनों के नाम
पुलिस के मुताबिक, मामले की विवेचना के दौरान मैनेजर कृष्णा और होटल संचालक गोविंद चौरसिया के नाम सामने आए थे। इसके बाद से दोनों फरार चल रहे थे। पुलिस टीम ने लगातार दबिश दी और आखिरकार कैंट रेलवे स्टेशन के नजदीक दोनों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ सदर बाजार थाने में दर्ज मुकदमे में दुष्कर्म, मारपीट, बंधक बनाने और एससी/एसटी एक्ट से संबंधित धाराएं शामिल हैं। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना के दौरान होटल प्रबंधन की क्या भूमिका थी और युवती को बाहर निकलने से रोकने में किन लोगों की संलिप्तता रही।
मैनेजर पर पहले से दर्ज हैं आपराधिक मुकदमे
जांच में होटल मैनेजर कृष्णा का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ टीपी नगर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट में अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम के तहत भी मामला दर्ज बताया गया है।वहीं, होटल मालिक गोविंद चौरसिया के खिलाफ इस मामले के अलावा पुलिस रिकॉर्ड में कोई अन्य मुकदमा सामने नहीं आया है। गिरफ्तारी के बाद सदर बाजार पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया है। मामले की जांच आगे जारी है।
Read More
शादी के मंडप में मचा हड़कंप! सात फेरों से पहले पहुंची महिला सिपाही, बोली- दूल्हा मेरा प्रेमी है

