HomeBreaking Newsसंसद के विशेष सत्र से पहले मोदी कैबिनेट की अहम बैठक, आज...

संसद के विशेष सत्र से पहले मोदी कैबिनेट की अहम बैठक, आज दोपहर करीब 1 बजे सेवातीर्थ में कई अहम मुद्दों पर किया जाएगा मंथन

Modi Cabinet Meeting: संसद के विशेष सत्र से पहले केंद्र सरकार ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को लेकर शुक्रवार, 27 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय कैबिनेट की अहम बैठक होने जा रही है। यह बैठक दोपहर करीब 1 बजे दिल्ली स्थित सेवा तीर्थ में आयोजित होगी। इसमें महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक से जुड़े अहम प्रस्तावों और संभावित संशोधनों पर चर्चा हो सकती है। सूत्रों के मुताबिक, सरकार इस विधेयक को संसद में पेश करने से पहले अंतिम रूप देने की तैयारी में है। सभी केंद्रीय मंत्रियों को बैठक में शामिल होने की सूचना भेजी गई है।

महिला आरक्षण विधेयक पर सरकार की तैयारी

दरअसल, केंद्र सरकार लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने की दिशा में आगे बढ़ रही है। इसके लिए परिसीमन से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक लाने की तैयारी है। सरकार की योजना इस विधेयक को 30 नवंबर को लोकसभा में पेश करने की है। ऐसे में शुक्रवार को होने वाली कैबिनेट बैठक को काफी अहम माना जा रहा है। इसमें विधेयक के प्रावधानों और आवश्यक बदलावों पर विचार किया जा सकता है।

लोकसभा की सीटें 543 से बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव

प्रस्तावित विधेयक में लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों की संख्या बढ़ाकर अधिकतम 850 करने का प्रावधान शामिल हो सकता है। इसके जरिए परिसीमन की प्रक्रिया पूरी करने और महिला आरक्षण को 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले लागू करने का रास्ता तैयार करने की योजना है।

इससे पहले अप्रैल में संसद के विशेष सत्र के दौरान भी सरकार यह विधेयक लेकर आई थी, लेकिन जरूरी समर्थन नहीं मिलने के कारण इसे संसद से मंजूरी नहीं मिल सकी थी। अब सरकार नए सिरे से इस प्रस्ताव को आगे बढ़ाने की तैयारी कर रही है।

30 नवंबर से शुरू होगी संसद की बैठक

सरकार ने लोकसभा की बैठक 30 नवंबर, सोमवार और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर, बुधवार को बुलाने का प्रस्ताव दिया है। दोनों सदनों की कार्यवाही 3 दिसंबर तक समाप्त हो सकती है। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने जानकारी दी है कि संसद की यह बैठक जरूरी सरकारी कामकाज निपटाने के लिए बुलाई जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह मॉनसून सत्र का ही विस्तार होगा।

संसद को 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया था, लेकिन अब तक सत्रावसान नहीं किया गया है। इसी वजह से सरकार मौजूदा सत्र को आगे बढ़ाकर जरूरी विधायी कामकाज पूरा करने की तैयारी में है।

संविधान संशोधन विधेयक पास कराने के लिए 361 वोट जरूरी

महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को लोकसभा से पारित कराने के लिए दो-तिहाई बहुमत की आवश्यकता होगी। 543 सीटों वाली लोकसभा में इसके लिए 361 वोट जरूरी हैं। हालांकि, फिलहाल सदन में तीन सीटें खाली हैं और कुल सदस्यों की संख्या 540 है।

मौजूदा राजनीतिक स्थिति के अनुसार, एनडीए के पास करीब 320 सांसद हैं। ऐसे में विधेयक को पारित कराने के लिए सरकार को अतिरिक्त समर्थन की जरूरत होगी। अप्रैल में विधेयक पारित नहीं हो पाने के बाद राजनीतिक समीकरणों में भी बदलाव आया है। विपक्षी खेमे से 26 सांसदों के अलग होने की बात सामने आई है। इनमें तृणमूल कांग्रेस के 20 और शिवसेना (UBT) के छह सांसद शामिल बताए जा रहे हैं।

इसके बावजूद सरकार को जरूरी संख्या जुटाने के लिए दूसरे दलों का समर्थन हासिल करना होगा। डीएमके के 22 और शरदचंद्र पवार की एनसीपी के आठ सांसदों की भूमिका भी इस मामले में अहम हो सकती है।

Read More:

संसद का विशेष सत्र फिर बुलाएगी सरकार, 30 नवंबर को लोकसभा और 2 दिसंबर को राज्यसभा की बैठक, परिसीमन पर आ सकता है बड़ा फैसला

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments