HomeBreaking Newsपैकेट वाले खाने पर अब दिखेगी खतरे की चेतावनी! सुप्रीम कोर्ट ने...

पैकेट वाले खाने पर अब दिखेगी खतरे की चेतावनी! सुप्रीम कोर्ट ने FSSAI को दिए सख्त निर्देश

पैकेज्ड फूड कंपनियों को अब अपने उत्पादों की पैकिंग पर पोषण संबंधी जानकारी ज्यादा स्पष्ट तरीके से देनी पड़ सकती है। सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार और FSSAI को फ्रंट-ऑफ-पैकेज न्यूट्रिशन लेबलिंग (FOPNL) प्रभावी बनाने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत अधिक फैट, चीनी और नमक वाले खाद्य उत्पादों पर अलग-अलग चेतावनी चिह्न लगाने की व्यवस्था पर जोर दिया गया है।

फैट, शुगर और नमक के लिए अलग चेतावनी

जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस के. विनोद चंद्रन की पीठ ने ‘3एस एंड अवर हेल्थ सोसाइटी’ की जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए लेबलिंग को प्रभावी बनाने की जरूरत बताई। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत पैकेट के सामने अलग-अलग षट्कोणीय (हेक्सागोनल) चेतावनी चिह्न होंगे। इन पर संबंधित पोषक तत्व के हिसाब से HIGH FAT, HIGH SUGAR और HIGH SALT लिखा जाएगा। प्रत्येक चेतावनी के साथ सचित्र प्रतीक भी होगा। पैकेज के मुख्य डिस्प्ले पैनल के अनुपात में हर चिह्न का आकार 4 से 5 प्रतिशत रखने की बात कही गई है। FSSAI को निर्देश दिया गया है कि चेतावनी के भीतर लिखे शब्दों का फॉन्ट सामान्य खरीदारी के दौरान आसानी से पढ़ा जा सके।

कुल चीनी और सैचुरेटेड फैट होंगे अहम पैमाने

पोषक तत्वों की अधिकता तय करने के लिए अदालत ने ‘एडेड शुगर’ और ‘एडेड फैट’ के बजाय ‘टोटल शुगर’ और ‘सैचुरेटेड फैट’ को आधार बनाने पर जोर दिया है। साथ ही चेतावनी की सीमा वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर तय करने को कहा गया है। इसका मकसद ऐसी सीमा निर्धारित करना है, जिससे न तो लगभग हर उत्पाद पर चेतावनी लगने लगे और न ही अधिक नुकसानदेह उत्पाद इसके दायरे से बाहर रहें। बहुत कम सीमा होने पर उपभोक्ता चेतावनियों को नजरअंदाज करने लग सकते हैं। इसे लेबल थकान कहा जाता है।

कंपनियों पर बढ़ेगी जिम्मेदारी

FSSAI ने पहले दो चरणों में लेबलिंग लागू करने का प्रस्ताव दिया था। बाद में किसी एक पोषक तत्व की निर्धारित सीमा पार होने पर लाल हेक्सागोनल चेतावनी देने का मॉडल सामने आया। इसके लिए ICMR-NIN की 2024 की डाइटरी गाइडलाइंस को आधार बनाया गया है। नॉन-कैलोरिक स्वीटनर वाले उत्पादों पर अलग चेतावनी का प्रस्ताव भी शामिल है। सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र को स्कूलों में पोषण संबंधी जागरूकता बढ़ाने, इंटरैक्टिव वर्कशॉप और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियां आयोजित करने को भी कहा है। साथ ही 2020 के खाद्य सुरक्षा एवं मानक (लेबलिंग और डिस्प्ले) नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Read More

राजस्थान की 23 लाख बेटियों को मिलेगी सेल्फ डिफेंस ट्रेनिंग, पुलिस और शिक्षा विभाग में बड़ा समझौता!

Ram Janam Chauhan
Ram Janam Chauhanhttp://mhone.in
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments