Maharashtra Ambenali Ghat Accident: महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में सोमवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। महाबलेश्वर और पोलादपुर के बीच स्थित अम्बेनाली घाट में एक स्कॉर्पियो गाड़ी गहरी खाई में गिर गई। हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई। सभी मृतक सतारा जिले के बताए जा रहे हैं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और तुरंत बचाव अभियान शुरू किया गया।
500 से 700 फीट गहरी खाई में गिरी गाड़ी
शुरुआती जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो सतारा जिले के असगांव गांव की थी। हादसा दोपहर करीब 2:45 बजे हुआ, जब वाहन अम्बेनाली घाट से गुजर रहा था। बताया जा रहा है कि गाड़ी 500 से 700 फीट गहरी खाई में जा गिरी। खाई बेहद गहरी होने के कारण रेस्क्यू टीम को दूरबीन की मदद से शवों की तलाश करनी पड़ी।
रेस्क्यू टीमों ने शुरू किया अभियान
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, महाबलेश्वर ट्रैकर्स, प्रतापगढ़ रेस्क्यू टीम और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। अब तक दो शवों को खाई से बाहर निकाला जा चुका है, जबकि अन्य शवों की तलाश जारी है। रेस्क्यू टीम करीब 700 से 800 फीट गहराई तक पहुंच चुकी है।
कोंकण से सतारा लौट रहे थे यात्री
जानकारी के मुताबिक स्कॉर्पियो में सवार सभी लोग कोंकण क्षेत्र से सतारा लौट रहे थे। मृतकों में अधिकांश लोग कोरेगांव तालुका और असगांव गांव के बताए जा रहे हैं। पुलिस शवों की शिनाख्त में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि गहरी खाई और कठिन रास्ते के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी सावधानी बरती जा रही है।
हादसे के बाद परिवारों में मातम
इस दर्दनाक हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। स्थानीय प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। हालांकि हादसे की असली वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
2018 में भी हो चुका है बड़ा हादसा
स्थानीय लोगों के मुताबिक अम्बेनाली घाट में इससे पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। वर्ष 2018 में भी इसी स्थान पर एक बस दुर्घटनाग्रस्त हुई थी। ताजा हादसे के बाद घाट क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को लेकर फिर सवाल उठने लगे हैं।
Read More:

