Punjab Heatwave: पंजाब और चंडीगढ़ में भीषण गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले तीन दिनों तक सीवियर हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कई जिलों में लू की स्थिति बेहद गंभीर रहने की आशंका जताई गई है। बढ़ते तापमान को देखते हुए पंजाब सरकार ने सरकारी दफ्तरों और स्कूलों के समय में बदलाव कर दिया है।
चंडीगढ़ में 30 जून तक स्कूल बंद
गर्मी के बढ़ते असर को देखते हुए चंडीगढ़ प्रशासन ने 30 जून तक स्कूल बंद रखने का फैसला लिया है। इसके साथ ही स्कूलों में चल रहे समर कैंपों में आउटडोर एक्टिविटी पर भी रोक लगा दी गई है। प्रशासन ने निर्देश दिए हैं कि बच्चों को केवल ठंडे और सुरक्षित वातावरण में ही एक्टिविटी करनी चाहिए।
बठिंडा रहा सबसे गर्म जिला
रविवार को पंजाब में तापमान में 0.3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। राज्य में बठिंडा सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है।
कई जिलों में हीटवेव
मौसम विभाग ने पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, लुधियाना, बरनाला, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और मोहाली में हीटवेव की चेतावनी जारी की है। वहीं फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा और मानसा में सीवियर हीटवेव का अलर्ट घोषित किया गया है। विभाग ने 25 से 27 मई तक राज्य के ज्यादातर इलाकों में लू चलने की संभावना जताई है।
सरकारी दफ्तरों का समय बदला
भीषण गर्मी को देखते हुए पंजाब सरकार ने सभी सरकारी दफ्तरों और संस्थानों का समय बदल दिया है। अब अगले आदेशों तक सरकारी कार्यालय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक खुलेंगे। सरकार ने सभी विभागों और जिला प्रशासन को इन आदेशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
बिजली की मांग 9000 मेगावाट
गर्मी बढ़ने के साथ राज्य में बिजली की मांग भी तेजी से बढ़ी है। रविवार को पंजाब में बिजली की मांग करीब 9000 मेगावाट तक पहुंच गई। पावरकॉम के अनुसार राज्य में लगभग 4000 मेगावाट बिजली का उत्पादन हुआ, जबकि करीब 5000 मेगावाट बिजली केंद्रीय पूल से खरीदनी पड़ी।
28 मई के बाद बदल सकता है मौसम
चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक के अनुसार 27 मई तक मौसम शुष्क बना रहेगा। इसके बाद 29 और 30 मई को कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने 28 से 30 मई के बीच गरज-चमक, धूल भरी आंधी, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की है।
अगले दो दिन जारी रहेगा गर्मी का असर
26 और 27 मई को पंजाब के अधिकांश जिलों में हीटवेव और कई इलाकों में सीवियर हीटवेव की स्थिति बनी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी है।
Read More:
देश में पेट्रोल-डीजल फिर महंगा, 10 दिनों में चौथी बार बढ़े दाम; दिल्ली में पेट्रोल ₹102 के पार

