उत्तराखंड के सरकारी कर्मचारियों के लिए दिवाली से पहले अच्छी खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी(Dhami) ने राज्य कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) में 3 फीसदी की बढ़ोतरी के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इस फैसले के बाद कर्मचारियों को अब 60 फीसदी के बजाय 63 फीसदी महंगाई भत्ता मिलेगा। सरकार की ओर से की गई यह बढ़ोतरी 1 जुलाई 2026 से प्रभावी मानी जाएगी। इससे प्रदेश के हजारों कर्मचारियों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।
दरअसल, केंद्र सरकार ने भी 7वें केंद्रीय वेतन आयोग के तहत वेतन पाने वाले कर्मचारियों के DA में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी की थी। इसके बाद केंद्रीय कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 60 फीसदी से बढ़कर 63 फीसदी हो गया। केंद्र का यह फैसला भी 1 जुलाई 2026 से लागू किया गया है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड के कर्मचारियों को भी केंद्र के समान महंगाई भत्ता देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इससे बढ़ती महंगाई के बीच कर्मचारियों को अपनी रोजमर्रा की जरूरतों का खर्च संभालने में कुछ मदद मिलेगी।
इन कर्मचारियों को भी मिलेगा बढ़े हुए DA का लाभ
सरकार के इस फैसले का फायदा केवल राज्य सरकार के नियमित कर्मचारियों को ही नहीं मिलेगा। स्थानीय निकायों में कार्यरत पात्र कर्मचारियों को भी बढ़े हुए DA का लाभ दिया जाएगा।
इसके अलावा सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थानों, राज्य विश्वविद्यालयों और तकनीकी शिक्षण संस्थानों के पात्र कर्मचारियों को भी इस बढ़ोतरी के दायरे में शामिल किया गया है। यूजीसी वेतनमान के तहत वेतन पाने वाले कर्मचारियों को भी इसका लाभ मिलेगा।
चार महीने का एरियर नकद मिलेगा
इस फैसले की एक खास बात यह भी है कि कर्मचारियों को बढ़े हुए DA के साथ पिछले महीनों का बकाया भी मिलेगा। 1 जुलाई से 31 अक्टूबर 2026 तक महंगाई भत्ते में हुई बढ़ोतरी का अंतर नकद एरियर के रूप में दिया जाएगा।
यानी कर्मचारियों को चार महीने का बकाया भुगतान भी मिलेगा। कुल मिलाकर, धामी सरकार के इस फैसले से प्रदेश के हजारों पात्र कर्मचारियों को बढ़ी हुई सैलरी के साथ अतिरिक्त आर्थिक लाभ मिलने वाला है।