उत्तर प्रदेश के कन्नौज(Kannauj) जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां विवाहेत्तर संबंधों के शक में एक पति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोप है कि उसने पहले पत्नी को कुर्सी से बांधा फिर उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इस घटना में महिला की जान चली गई। वारदात के बाद आरोपी अपने सात साल के बेटे और पांच साल की बेटी को लेकर घर से फरार हो गया। हालांकि, पुलिस ने बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, यह घटना गुरुवार सुबह छिबरामऊ थाना क्षेत्र के जगतपुर गांव में हुई। मृतका की पहचान 30 वर्षीय सोनम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी सुखबीर सिंह उर्फ मोनू को अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था। उसे संदेह था कि सोनम का गांव के ही किसी युवक के साथ प्रेम संबंध है। पुलिस का कहना है कि सुखबीर ने कथित तौर पर अपनी पत्नी को उस युवक से फोन पर बात करते हुए देख लिया था। इसी बात को लेकर पिछले दो दिनों से दोनों के बीच लगातार विवाद हो रहा था।
आग बुझाने के बाद मिले महिला के अवशेष
गुरुवार सुबह करीब सात बजे आरोपी ने कथित तौर पर सोनम को कुर्सी से बांधकर उस पर पेट्रोल डाल दिया और आग लगा दी। घर से धुआं और आग की लपटें उठती देखकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी।
दमकलकर्मियों ने लगभग डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद घर के अंदर तलाशी लेने पर महिला के जले हुए अवशेष मिले। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मृतका की पहचान की पुष्टि की।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, सोनम और सुखबीर की शादी करीब 11 साल पहले हुई थी। दोनों ने वर्ष 2015 में प्रेम विवाह किया था। सुखबीर हरियाणा के हिसार में एक निजी कंपनी में काम करता था और घटना से लगभग 15 दिन पहले गांव लौटा था। वारदात के बाद वह अपने दोनों बच्चों को साथ लेकर फरार हो गया था।
हालांकि, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के मुताबिक, आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले की आगे जांच जारी है। यह घटना घरेलू विवाद और शक के चलते हुई हिंसा की एक बेहद गंभीर मिसाल है।