HomeBreaking Newsकिम जोंग उन का स्विट्जरलैंड पर बड़ा एक्शन! 48 घंटे में राजदूत...

किम जोंग उन का स्विट्जरलैंड पर बड़ा एक्शन! 48 घंटे में राजदूत को देश छोड़ने का आदेश, दूतावास भी बंद, क्यों भड़के तानाशाह?

Kim Jong Un: उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन ने स्विट्जरलैंड के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए प्योंगयांग स्थित उसके राजनयिक कार्यालय को बंद करने का आदेश दिया है। इतना ही नहीं, स्विट्जरलैंड के राजनयिक प्रतिनिधि को 48 घंटे के भीतर देश छोड़ने का फरमान भी सुना दिया गया है।

दोनों देशों के बीच हाल ही में राजनयिक संबंधों को बेहतर बनाने की कोशिशें शुरू हुई थीं, लेकिन एक चिल्ड्रन्स कैंप पर लगाए गए प्रतिबंध ने रिश्तों में फिर से तनाव पैदा कर दिया है। उत्तर कोरिया ने स्विट्जरलैंड की इस कार्रवाई को अपने खिलाफ खुली दुश्मनी करार दिया है।

किस कैंप पर प्रतिबंध लगाने से भड़का उत्तर कोरिया?

इस पूरे विवाद की वजह उत्तर कोरिया के पूर्वी शहर वॉनसन में स्थित सॉन्गडोवॉन इंटरनेशनल चिल्ड्रन्स कैंप है। इस कैंप में रूस और चीन समेत कई देशों के बच्चे पहुंचते हैं। स्विट्जरलैंड ने हाल ही में इसे प्रतिबंधों की सूची में शामिल किया है। स्विस अधिकारियों का आरोप है कि इस कैंप का इस्तेमाल रूस के कब्जे वाले यूक्रेनी इलाकों से बच्चों को उत्तर कोरिया लाने के लिए किया गया।

इस मामले को रूस-यूक्रेन युद्ध से जोड़कर देखा जा रहा है। यूरोपीय संघ और ब्रिटेन भी पहले ही इस कैंप पर प्रतिबंध लगा चुके हैं। हालांकि, उत्तर कोरिया ने अपने ऊपर लगे इन आरोपों को खारिज किया है। उत्तर कोरिया की सरकारी समाचार एजेंसी KCNA ने स्विट्जरलैंड के फैसले को ‘खुली दुश्मनी वाला कदम’ बताया है। एजेंसी का कहना है कि इस कार्रवाई से उत्तर कोरिया की संप्रभुता और उसके नागरिकों के हितों का अपमान हुआ है।

स्विस राजनयिक को 48 घंटे में देश छोड़ने का फरमान

स्विट्जरलैंड के प्रतिबंधों से नाराज उत्तर कोरिया के विदेश मंत्रालय ने प्योंगयांग में स्विस राजनयिक कार्यालय के प्रमुख सिल्वेन एस्टियर को तलब किया। इस दौरान उन्हें एक आधिकारिक मेमो सौंपा गया, जिसमें राजनयिक कार्यालय बंद करने और 48 घंटे के भीतर देश छोड़ने का आदेश दिया गया।

KCNA के अनुसार, उत्तर कोरिया ने स्विस प्रतिनिधि को ‘पर्सोना नॉन ग्राटा’ घोषित कर दिया है। राजनयिक भाषा में इसका मतलब है कि संबंधित देश अब किसी विदेशी राजनयिक को अपने यहां स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं है और उसे देश छोड़ने का निर्देश दे सकता है।

यह इसलिए भी अहम है, क्योंकि स्विट्जरलैंड उन चुनिंदा पश्चिमी देशों में शामिल रहा है, जिन्होंने उत्तर कोरिया के साथ बातचीत और राजनयिक संपर्क बनाए रखने की कोशिश की है।

6 साल बाद दोबारा खुला था स्विट्जरलैंड का कार्यालय

इस पूरे घटनाक्रम ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इसलिए भी ध्यान खींचा है, क्योंकि कुछ ही समय पहले दोनों देशों के बीच रिश्ते सुधारने की पहल हुई थी। स्विट्जरलैंड के विदेश मंत्री इग्नाजियो कैसिस ने हाल ही में उत्तर कोरिया का दौरा किया था। इस यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच बातचीत हुई और प्योंगयांग में स्विट्जरलैंड का राजनयिक कार्यालय दोबारा खोला गया था।

स्विट्जरलैंड और उत्तर कोरिया के बीच साल 1974 में राजनयिक संबंध स्थापित हुए थे। इसके बाद 1997 में स्विट्जरलैंड ने प्योंगयांग में एक सहयोग कार्यालय खोला था, जो मुख्य रूप से मानवीय सहायता और सहयोग से जुड़े काम करता था। कोरोना महामारी के दौरान साल 2020 में इस कार्यालय को बंद कर दिया गया था।

करीब छह साल बाद अक्टूबर 2026 में इसे फिर से शुरू किया गया। लेकिन चिल्ड्रन्स कैंप पर प्रतिबंध लगाने के फैसले ने दोनों देशों के बीच संबंध सुधारने की कोशिशों को बड़ा झटका दे दिया है।

स्विट्जरलैंड ने भी अपने फैसले पर दिया जवाब

उत्तर कोरिया की कार्रवाई के बाद स्विट्जरलैंड ने अपना रुख स्पष्ट करते हुए कहा कि प्रतिबंध लगाने और उत्तर कोरिया के साथ राजनयिक बातचीत जारी रखने की नीति दो अलग-अलग विषय हैं।

स्विस विदेश मंत्रालय के मुताबिक, प्योंगयांग में राजनयिक कार्यालय दोबारा खोलने का यह मतलब नहीं था कि स्विट्जरलैंड संयुक्त राष्ट्र के प्रतिबंधों या रूस-यूक्रेन युद्ध से जुड़े यूरोपीय संघ के प्रतिबंधों को लागू करना बंद कर देगा।

फिलहाल इस विवाद ने दोनों देशों के बीच नए सिरे से शुरू हुई कूटनीतिक बातचीत पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक तरफ स्विट्जरलैंड अपने प्रतिबंधों को अंतरराष्ट्रीय नियमों के तहत जरूरी बता रहा है, तो दूसरी तरफ उत्तर कोरिया इसे अपनी संप्रभुता के खिलाफ कार्रवाई मान रहा है।

Read More:

करोड़ों की ठगी से प्यार के जाल तक! सुकेश चंद्रशेखर पर Netflix ला रहा है सनसनीखेज डॉक्यूमेंट्री

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments