प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर गुजरात में बुधवार को ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन किया गया। अहमदाबाद के रिवरफ्रंट पर ‘जनसेवा से राष्ट्रसेवा’ के संदेश के साथ हुए कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल शामिल हुए। आयोजन के जरिए प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, सुशासन और राष्ट्रनिर्माण से जुड़े कार्यों को याद किया गया।
PM मोदी ने ‘विकसित भारत @ 2047’ का संदेश दिया
कार्यक्रम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। उन्होंने 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर आगे बढ़ने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल समेत कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने प्रधानमंत्री का संबोधन सुना। CM भूपेंद्र पटेल ने कहा कि ‘सेवा ज्योति यात्रा’ के जरिए नागरिकों को विकसित भारत के निर्माण में भागीदारी का संदेश दिया जा रहा है। इसके बाद कार्यक्रम में ‘सेवा ज्योति’ प्रज्वलित की गई और मौजूद लोगों ने विकसित भारत के निर्माण की शपथ ली।
अहमदाबाद में निकली ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’
शपथ के बाद ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ शुरू हुई। इसमें बड़ी संख्या में नागरिकों ने हिस्सा लिया। यात्रा के जरिए प्रधानमंत्री मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई। कार्यक्रम के समापन पर मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने टाउन हॉल के पास स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। गुजरात के अन्य जिलों और महानगरों में भी इसी तरह के कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें राज्य सरकार के मंत्री, जनप्रतिनिधि और स्थानीय पदाधिकारी शामिल हुए। अहमदाबाद के कार्यक्रम में महापौर हितेशभाई बारोट, सांसद हसमुखभाई पटेल और दिनेशभाई मकवाणा, विधायक, शहर अध्यक्ष प्रेरक शाह समेत प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
गुजरात में सेमीकंडक्टर से लेकर रेल परियोजनाओं तक का जिक्र
कार्यक्रम के दौरान पिछले वर्षों में गुजरात में हुए विभिन्न विकास कार्यों और परियोजनाओं को भी सामने रखा गया। इनमें अहमदाबाद के सरखेज से धोलेरा तक 20,667 करोड़ रुपये की लागत वाली सेमी हाईस्पीड डबल लाइन रेल परियोजना और 5,800 करोड़ रुपये की अहमदाबाद-धोलेरा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे परियोजना शामिल हैं। राज्य सरकार की ओर से बताया गया कि केंद्रीय बजट 2026-27 में गिफ्ट सिटी के संस्थानों के लिए 20 वर्ष के टैक्स हॉलिडे का प्रावधान किया गया है। सितंबर 2026 में गुजरात में 35,200 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का उल्लेख भी किया गया।
इसके अलावा वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के तीन सेक्शन, हांसलपुर में मारुति सुजुकी की ई-विटारा और बैटरी प्लांट, कच्छ के खावडा में रिन्यूएबल एनर्जी परियोजनाएं और इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन के तहत गुजरात में स्वीकृत छह सेमीकंडक्टर प्लांट का भी जिक्र किया गया। गुजरात में 2030 के राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजन और नेशनल फॉरेंसिक साइंसेज यूनिवर्सिटी के दर्जे को भी राज्य की उपलब्धियों में शामिल किया गया।
Read More
दिल्ली के सीमापुरी में इमारत भरभराकर गिरी, मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका

