HomeBreaking Newsलारा दत्ता ने रामायण में कैकेयी को लेकर की सोच बदलने की...

लारा दत्ता ने रामायण में कैकेयी को लेकर की सोच बदलने की बात…भावुक पोस्ट ने खींचा ध्यान

नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों के बीच काफी उत्साह है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं। वहीं, एक्ट्रेस लारा दत्ता(Lara Dutta) राजा दशरथ की पत्नी कैकेयी के किरदार में नजर आ रही हैं। फिल्म से जुड़ने को लेकर लारा ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा किया है। इसमें उन्होंने कैकेयी के व्यक्तित्व और उनके फैसलों को एक अलग नजरिए से समझने की बात कही है। लारा दत्ता ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर कैकेयी के शाही रूप में कुछ तस्वीरें साझा कीं। उन्होंने बताया कि लंबे समय से उनकी इच्छा थी कि वह किसी ऐसी कहानी का हिस्सा बनें जिसका महत्व समय के साथ कम न हो।

अभिनेत्री के मुताबिक, ‘रामायण’ जैसी सदियों पुरानी और अमर गाथा से जुड़ना उनके लिए एक खास अनुभव है। कैकेयी के किरदार पर बात करते हुए लारा ने उन्हें इतिहास की सबसे ज्यादा गलत समझी गई महिलाओं में से एक बताया। उनका मानना है कि कैकेयी को केवल उनके एक फैसले के आधार पर नहीं आंकना चाहिए। उनके किरदार में गुस्सा, भावनात्मक कमजोरी, पछतावा और अपराधबोध जैसे कई मानवीय पहलू भी मौजूद हैं। इन भावनाओं को पर्दे पर दिखाना उनके लिए एक बड़ी जिम्मेदारी रही।

‘एक महिला जिसने बदल दिया इतिहास का रास्ता’

रामायण की कथा में कैकेयी का फैसला बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। उन्होंने राजा दशरथ से अपने दो वरदान मांगकर भगवान राम के लिए 14 वर्षों का वनवास और भरत के लिए राजगद्दी मांगी थी। इस घटना ने पूरी कहानी को एक नया मोड़ दिया।

लारा ने अपने पोस्ट में इसी पहलू को सामने रखते हुए कहा कि कैकेयी ऐसी महिला थीं, जिनके फैसले ने इतिहास की दिशा बदल दी। उन्होंने दर्शकों से आग्रह किया कि कैकेयी को केवल नकारात्मक नजरिए से देखने के बजाय उनके पूरे व्यक्तित्व को समझने की कोशिश करें।

कैकेयी के किरदार के साथ न्याय करने की उम्मीद

लारा ने उम्मीद जताई कि वह अपने अभिनय के जरिए माता कैकेयी के भावनात्मक और मानवीय पक्ष को सही तरीके से दिखा पाएंगी। उन्होंने यह भी कहा कि कैकेयी की भूमिका को उस बड़े घटनाक्रम के संदर्भ में समझना चाहिए जिसमें उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही। अपने संदेश के अंत में अभिनेत्री ने ‘जय श्री राम’ लिखकर अपनी भावनाएं व्यक्त कीं।

दो भागों में दर्शकों के सामने आएगी रामायण

नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही इस फिल्म को दो हिस्सों में तैयार किया गया है। इसमें रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश के अलावा रवि दुबे, सनी देओल, अरुण गोविल और लारा दत्ता जैसे कलाकार भी शामिल हैं। फिल्म की भव्यता, कलाकारों की भूमिका और रामायण की कहानी को नए अंदाज में देखने के लिए दर्शक उत्सुक हैं।

यह भी पढ़ें : 8 लाख बच्चों से CM धामी का संवाद, त्योहारों के जरिए दिया सामाजिक जिम्मेदारी…

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments