IPL 2027: दिल्ली कैपिटल्स ने IPL 2027 के लिए पूर्व भारतीय ऑलराउंडर युवराज सिंह को अपने कोचिंग दल में शामिल किया है। उन्हें असिस्टेंट कोच/बैटिंग कोच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। IPL 2015 में दिल्ली डेयरडेविल्स ने युवराज को रिकॉर्ड 16 करोड़ रुपये में खरीदा था। अब करीब एक दशक बाद उनकी फ्रेंचाइजी में वापसी हुई है। दुनिया के महानतम वाइट बॉल खिलाड़ियों में गिने जाने वाले युवराज का अनुभव दिल्ली के लिए कितना उपयोगी साबित होगा, यह आने वाला समय बताएगा, लेकिन उनकी नियुक्ति के पीछे कई मजबूत वजहें हैं।
युवा खिलाड़ियों को निखारने का शानदार अनुभव
युवराज सिंह के मार्गदर्शन में शुभमन गिल, अभिषेक शर्मा और प्रभसिमरन सिंह जैसे युवा खिलाड़ियों ने अपने खेल को नई ऊंचाई दी है। युवी कई मौकों पर कह चुके हैं कि पूरी टीम को एक साथ कोचिंग देने के बजाय वह व्यक्तिगत प्रशिक्षण देना पसंद करते हैं, क्योंकि इससे खिलाड़ी की कमजोरियों और उसकी जरूरतों पर बेहतर तरीके से काम किया जा सकता है। अब संभव है कि सौरव गांगुली के आग्रह पर वह पहली बार किसी टीम के कोचिंग दल का औपचारिक हिस्सा बन रहे हैं।
आक्रामक बल्लेबाजों को सही दिशा दे सकते हैं युवी
टी-20 क्रिकेट में आक्रामक बल्लेबाजी का अनुभव युवराज की सबसे बड़ी ताकतों में से एक है। युवा बल्लेबाजों के साथ व्यक्तिगत स्तर पर काम करने की उनकी क्षमता दिल्ली कैपिटल्स के लिए बड़ा फायदा साबित हो सकती है। टीम के युवा खिलाड़ियों को दबाव में आक्रामक क्रिकेट खेलने और बड़े मुकाबलों के लिए तैयार करने में उनका अनुभव अहम भूमिका निभा सकता है।
युवराज जानते हैं खिताब कैसे जीता जाता है
44 वर्षीय युवराज सिंह भारत के लिए 304 वनडे, 40 टेस्ट और 58 टी-20 इंटरनेशनल मुकाबले खेल चुके हैं। वह भारत के साथ दो विश्व कप जीतने वाली टीमों का हिस्सा रहे हैं। 2007 के पहले टी-20 विश्व कप और 2011 के वनडे विश्व कप में उनका योगदान बेहद अहम रहा था। बड़े टूर्नामेंट के दबाव और खिताबी मुकाबलों में प्रदर्शन करने का अनुभव उन्हें खास बनाता है।
IPL में भी चैंपियन टीमों का हिस्सा रहे
युवराज दो बार आईपीएल चैंपियन टीम का हिस्सा रह चुके हैं। 2016 में उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के साथ आईपीएल ट्रॉफी जीती थी। इसके बाद 2019 में वह मुंबई इंडियंस की उस टीम में शामिल थे, जिसने फाइनल में चेन्नई सुपरकिंग्स को हराकर खिताब अपने नाम किया था। ऐसे में दिल्ली को खिताब की दौड़ में आगे बढ़ाने के लिए उनके पास जीत का अनुभव मौजूद है।
सौरव गांगुली के साथ खास तालमेल
युवराज ने अलग-अलग आईपीएल फ्रेंचाइजी के लिए कुल 132 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 2750 रन बनाए, 13 अर्धशतक लगाए और 36 विकेट हासिल किए। आईपीएल के पहले संस्करण यानी 2008 में वह किंग्स इलेवन पंजाब के कप्तान भी रहे। इसके बाद उन्होंने सौरव गांगुली की कप्तानी वाली पुणे वॉरियर्स इंडिया के साथ भी खेला।
दिल्ली के मालिकों से पुराना जुड़ाव भी फायदा देगा
युवराज दिल्ली डेयरडेविल्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, सनराइजर्स हैदराबाद और मुंबई इंडियंस के लिए भी खेल चुके हैं। उन्हें अलग-अलग टीमों के ड्रेसिंग रूम और दबाव भरे मुकाबलों का अनुभव है। दिल्ली कैपिटल्स के मालिकों से भी उनका पुराना परिचय है। इससे टीम के भीतर सकारात्मक माहौल बनाने में मदद मिल सकती है।
क्या दिल्ली का पहला आईपीएल खिताब आएगा?
युवराज सिंह की नियुक्ति से दिल्ली कैपिटल्स को सिर्फ बल्लेबाजी की तकनीकी मदद ही नहीं, बल्कि बड़े मुकाबलों में दबाव संभालने और जीत की मानसिकता विकसित करने का अनुभव भी मिल सकता है। अब देखना होगा कि युवी का यह नया अवतार दिल्ली को उसका पहला आईपीएल खिताब दिलाने में कितना सफल रहता है।
Read More:

