गुजरात के वडोदरा में ज्वैलरी की नई दुकान खोलने के बहाने मुंबई के एक कारोबारी से करीब 8.28 करोड़ रुपये के सोने के गहने गायब होने का मामला सामने आया है। वाघोडिया रोड स्थित एक दुकान से लगभग 5.5 किलो सोने के आभूषणों से भरे दो बैग महज 12 मिनट में गायब हो गए। पीड़ित की शिकायत पर बापोद पुलिस ने दुकान संचालक समेत मामले से जुड़े लोगों की तलाश शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता हिमांशु जैन मुंबई के जवेरी बाजार स्थित युगन गोल्ड प्राइवेट लिमिटेड में सेल्स मैनेजर हैं। उनका काम गुजरात के अलग-अलग शहरों में ज्वैलर्स को सोने के गहने पहुंचाना और भुगतान लेना है। पुलिस को संदेह है कि दशहरा के मौके पर नई दुकान के उद्घाटन की तैयारी के बहाने इस वारदात की योजना बनाई गई थी।
8.28 करोड़ के गहनों का दिया गया था ऑर्डर
हिमांशु जैन के मुताबिक, डाकोर में सोने की दुकान चलाने वाले भाविक सोनी के साथ उनके वर्ष 2017 से कारोबारी संबंध थे। आरोप है कि भाविक ने वडोदरा के वाघोडिया रोड पर जवेरीनगर के पास साईं गणेश कॉम्प्लेक्स में ‘श्री अंबिका ज्वैलर्स’ नाम से नई दुकान शुरू करने की बात कही थी।
दशहरा पर शोरूम के उद्घाटन के लिए भाविक ने गहनों की सूची भेजी थी। इसी ऑर्डर के तहत हिमांशु करीब 5 किलो 500 ग्राम सोने के आभूषण लेकर वडोदरा पहुंचे। इनकी अनुमानित कीमत 8,28,37,680 रुपये बताई गई है।
दुकान का ताला खुला मिला, दोनों बैग गायब
शिकायत के अनुसार, दुकान में गहने दिखाने के दौरान दोपहर में भोजन का समय हो गया। भाविक सोनी और हिमांशु के भाई नील जैन खाना खाने के लिए बाहर चले गए। आरोप है कि जाने से पहले भाविक ने दोनों बैग दुकान में सुरक्षित होने का भरोसा दिलाया, बाहर से ताला लगाया और चाबी अपने पास रख ली। इसी दौरान हिमांशु वॉशरूम गए थे। करीब 12 मिनट बाद लौटने पर उन्हें दुकान का ताला खुला मिला। जांच करने पर सोने के गहनों से भरे दोनों बैग गायब थे, जबकि दुकान में रखे अन्य आभूषण वहीं मौजूद थे। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, फुटेज में नीले रंग के सुजुकी एक्सेस जैसे स्कूटर पर आए दो अज्ञात व्यक्ति बैग लेकर जाते दिखाई दिए। दूसरी ओर, शिकायतकर्ता के अनुसार, खाना खाने गए भाविक सोनी भी बाद में संपर्क से बाहर हो गए और उनका मोबाइल फोन बंद आने लगा।
चार पुलिस टीमें तलाश में जुटीं
हिमांशु जैन की शिकायत के आधार पर बापोद पुलिस ने भाविक सोनी के खिलाफ विश्वासघात और धोखाधड़ी से जुड़ा मामला दर्ज किया है। पुलिस को आशंका है कि नई दुकान शुरू करने और उद्घाटन के बहाने गहने मंगवाकर वारदात को अंजाम दिया गया हो सकता है। हालांकि, कथित साजिश और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी। फिलहाल पुलिस फरार भाविक सोनी और सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे दो अज्ञात व्यक्तियों की तलाश कर रही है। आरोपियों का पता लगाने के लिए चार अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं, जो विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर रही हैं। जांच में सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद ली जा रही है।
Read More

