तमिलनाडु की सी. जोसेफ विजय सरकार ने पुरुष सरकारी कर्मचारियों को बड़ी राहत दी है। राज्य में अब विवाहित पुरुष सरकारी कर्मचारियों को बच्चे के जन्म पर 15 दिन की पितृत्व छुट्टी यानी पैटरनिटी लीव मिलेगी। सरकार ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है।
बच्चे के जन्म से छह महीने के भीतर ले सकेंगे छुट्टी
सरकार के आदेश के मुताबिक, पुरुष कर्मचारी 15 दिन की पैटरनिटी लीव बच्चे के जन्म की संभावित तारीख से 15 दिन पहले या बच्चे के जन्म के दिन से छह महीने के भीतर कभी भी ले सकते हैं। इस फैसले का उद्देश्य बच्चे के जन्म के समय पिता को परिवार के साथ रहने और नवजात की देखभाल में सक्रिय भूमिका निभाने का अवसर देना है। सरकार का मानना है कि इस अवधि में पिता की मौजूदगी मां और बच्चे दोनों के लिए महत्वपूर्ण होती है।
पिता की भूमिका पर जोर
तमिलनाडु सरकार ने कहा कि बच्चे के जन्म के बाद मां को शारीरिक और मानसिक सहारे की जरूरत होती है। ऐसे समय में पिता की जिम्मेदारी केवल भावनात्मक सहयोग तक सीमित नहीं रहती, बल्कि नवजात की देखभाल में भी उसकी भागीदारी जरूरी होती है। सरकार ने पुरुष कर्मचारियों की ओर से लंबे समय से की जा रही पैटरनिटी लीव की मांग पर विचार करने के बाद यह फैसला लिया है। आदेश के तहत पिता को पत्नी की मैटरनिटी लीव के दौरान उसके साथ रहने का अवसर मिल सकेगा।
महिला कर्मचारियों को पहले से मिलती है 365 दिन की छुट्टी
तमिलनाडु में महिला सरकारी कर्मचारियों को फिलहाल 365 दिनों की मैटरनिटी लीव दी जाती है। अब पुरुष कर्मचारियों के लिए 15 दिन की पितृत्व छुट्टी का प्रावधान किया गया है। सरकार का कहना है कि इस कदम से परिवार में जिम्मेदारियों को साझा करने की भावना मजबूत होगी। बच्चे के शुरुआती विकास के दौरान माता-पिता दोनों की भागीदारी बढ़ेगी और मां पर देखभाल का पूरा बोझ नहीं पड़ेगा। सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली टीवीके सरकार का यह फैसला सरकारी कर्मचारियों के परिवारों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब पुरुष कर्मचारी बच्चे के जन्म के आसपास छुट्टी लेकर पत्नी और नवजात को जरूरी समय दे सकेंगे।
Read More
महज 21 साल की उम्र में बनीं जिला प्रमुख! कौन हैं झालावाड़ की वर्षा झाला? जिनकी हर तरफ हो रही चर्चा

