India-US Trade Deal: अमेरिका की ओर से भारत पर 25% तक अतिरिक्त टैरिफ लगाने के प्रस्ताव को लेकर भारत सरकार ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने कहा है कि अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (USTR) की ओर से जारी नोटिस पर संज्ञान लिया गया है और फिलहाल इसकी जांच की जा रही है। भारत ने साफ किया है कि वह अमेरिका के साथ द्विपक्षीय व्यापार समझौते को जल्द पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही भारत ने अमेरिकी आरोपों पर अपना पक्ष रखते हुए कहा है कि देश के किसी भी क्षेत्र में संरचनात्मक रूप से अतिरिक्त उत्पादन क्षमता नहीं है।
अमेरिकी टैरिफ नोटिस पर भारत सरकार का जवाब
अमेरिका द्वारा भारत समेत कई देशों पर अतिरिक्त टैरिफ लगाने की संभावनाओं के बीच भारत सरकार ने अपना रुख स्पष्ट किया है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के मुताबिक, अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (USTR) ने सेक्शन 301 इन्वेस्टिगेशन के तहत एक नोटिस जारी किया है। इसमें भारत सहित 14 देशों के मैन्यूफैक्चरिंग सेक्टर में संरचनात्मक अतिरिक्त उत्पादन क्षमता और उत्पादों से संबंधित कानूनों, नीतियों एवं तौर-तरीकों की जांच की जा रही है।
मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि भारत सरकार ने अमेरिकी नोटिस और उस पर मांगी गई टिप्पणियों पर संज्ञान लिया है। फिलहाल इस पूरे मामले की जांच की जा रही है। भारत इस प्रक्रिया के दौरान अपना पक्ष मजबूती से रख रहा है।
भारत ने अतिरिक्त उत्पादन क्षमता के आरोपों को नकारा
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने बताया कि भारत ने अमेरिकी जांच प्रक्रिया में रचनात्मक तरीके से सहयोग किया है। जांच शुरू होने के नोटिस के जवाब और इसके बाद हुई कार्यवाही के दौरान वाणिज्य विभाग ने स्पष्ट किया था कि भारत के किसी भी क्षेत्र में संरचनात्मक रूप से अतिरिक्त उत्पादन क्षमता मौजूद नहीं है।
भारत सरकार का मानना है कि व्यापार से जुड़ी चिंताओं का समाधान बातचीत के जरिए निकाला जाना चाहिए। इसी दिशा में भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौते को लेकर बातचीत जारी है। भारत ने संकेत दिया है कि दोनों देशों के बीच व्यापार संबंधी मुद्दों को इस समझौते की वार्ताओं के दायरे में सुलझाया जाना चाहिए।

भारत-US व्यापार समझौते को जल्द पूरा करने की तैयारी
मंत्रालय ने अपने बयान में यह भी स्पष्ट किया कि भारत सरकार अमेरिका के साथ व्यापार समझौते को जल्द से जल्द अंतिम रूप देने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए दोनों देश मिलकर काम कर रहे हैं।
यह प्रतिबद्धता 2 फरवरी 2026 को की गई घोषणा और 7 फरवरी 2026 को जारी संयुक्त बयान के अनुरूप है। भारत चाहता है कि दोनों देशों के बीच व्यापार से जुड़े मतभेदों को बातचीत के जरिए दूर किया जाए और द्विपक्षीय व्यापार संबंधों को आगे बढ़ाया जाए।
भारत समेत इन 7 देशों पर लग सकता है 25% अतिरिक्त टैरिफ
दरअसल, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन ने भारत समेत सात देशों पर 25 फीसदी तक अतिरिक्त टैरिफ लगाने का प्रस्ताव रखा है। इस सूची में भारत के अलावा कंबोडिया, इंडोनेशिया, दक्षिण कोरिया, मलेशिया, ताइवान और थाईलैंड शामिल हैं।
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका इन देशों की औद्योगिक उत्पादन क्षमता और व्यापार नीतियों की जांच कर रहा है। अमेरिकी प्रशासन का आरोप है कि ये देश बाजार में वास्तविक मांग से अधिक उत्पादन क्षमता विकसित कर रहे हैं। इससे वैश्विक बाजार में जरूरत से ज्यादा सामान पहुंच रहा है, जिसका असर अमेरिकी घरेलू उद्योगों पर पड़ सकता है।
अभी लागू नहीं हुआ है अतिरिक्त टैरिफ
हालांकि, अमेरिका की ओर से प्रस्तावित अतिरिक्त टैरिफ अभी लागू नहीं किए गए हैं। इस संबंध में पहले आम लोगों और संबंधित पक्षों से टिप्पणियां एवं सुझाव मांगे जाएंगे। इसके बाद जांच और आगे की प्रक्रिया के आधार पर कोई अंतिम फैसला लिया जा सकता है।
ऐसे में भारत की नजर अमेरिकी जांच के नतीजों और दोनों देशों के बीच जारी व्यापार समझौते की बातचीत पर बनी हुई है। फिलहाल भारत ने स्पष्ट कर दिया है कि वह अपने व्यापारिक हितों की रक्षा करते हुए अमेरिका के साथ बातचीत के जरिए समाधान निकालने के पक्ष में है।
Read More:

