पंजाब में जालंधर के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने पर हड़कंप मच गया। इस ई-मेल में कई बड़े स्कूलों को निशाना बनाने की बात कही गई है। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं।
मौके पर बम निरोधक दस्ते तैनात
जालंधर के DPS, मेयर वर्ल्ड स्कूल और MGN स्कूल का नाम ई-मेल में लिया गया है। स्कूल प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद बम निरोधक दस्ते और पुलिस टीमों ने मौके पर पहुंचकर सघन जांच शुरू कर दी है। फिलहाल सभी स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
ई-मेल में भड़काऊ भाषा का इस्तेमाल
धमकी भरे ई-मेल में आपत्तिजनक और भड़काऊ भाषा का इस्तेमाल किया गया है। इसमें धार्मिक और राजनीतिक संदर्भों के साथ डर फैलाने की कोशिश की गई है। जांच अधिकारियों के मुताबिक, इस ई-मेल की भाषा और पैटर्न पहले मिली धमकियों से मिलता-जुलता है। इससे संकेत मिलता है कि यह किसी संगठित या दोहराए जा रहे पैटर्न का हिस्सा हो सकता है।
CM भगवंत सिंह मान ने दी प्रतिक्रिया
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सरकार इन धमकियों को बेहद गंभीरता से ले रही है। उन्होंने बताया कि पहले भी ऐसे मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और इस बार भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पहले भी मिल चुकी हैं ऐसी धमकियां
गौरतलब है कि इससे पहले भी पंजाब, चंडीगढ़, दिल्ली, पटना कोर्ट और महाराष्ट्र विधानसभा को इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं। कई मामलों में जांच के बाद ये धमकियां झूठी साबित हुई थीं, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां हर बार सतर्कता बरत रही हैं। फिलहाल पुलिस और साइबर टीमें ई-मेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी हैं। सभी संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।
Read More
सीजफायर पर अटका ईरान-अमेरिका समझौता, 48 घंटे का अल्टीमेटम…वरना बड़े हमले तय

