HomeBreaking Newsहरदीप सिंह पुरी की राज्यसभा में एंट्री, MP से निर्विरोध चुने गए,...

हरदीप सिंह पुरी की राज्यसभा में एंट्री, MP से निर्विरोध चुने गए, दो उम्मीदवारों के नामांकन पहले ही रद्द

केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी(Hardeep Singh Puri) मध्य प्रदेश से राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं। गुरुवार 5 नवंबर को नाम वापस लेने की अंतिम तारीख समाप्त होने के बाद निर्वाचन अधिकारी ने उन्हें निर्विरोध विजेता घोषित कर दिया। दरअसल, इस उपचुनाव में उनके सामने कोई अन्य उम्मीदवार मैदान में नहीं बचा था। इससे पहले दो निर्दलीय प्रत्याशियों के नामांकन पत्र जांच के दौरान रद्द कर दिए गए थे।

फिलहाल हरदीप सिंह पुरी उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सांसद हैं। उनका मौजूदा कार्यकाल 25 नवंबर को समाप्त होने वाला है। इसी को ध्यान में रखते हुए बीजेपी की केंद्रीय चुनाव समिति ने मध्य प्रदेश में होने वाले राज्यसभा उपचुनाव के लिए उन्हें पार्टी का उम्मीदवार बनाया था। इस सीट पर 12 नवंबर को चुनाव होना निर्धारित था लेकिन विरोधी उम्मीदवार नहीं बचने के कारण मतदान की जरूरत नहीं पड़ी।

एल. मुरुगन के इस्तीफे से खाली हुई थी सीट

मध्य प्रदेश की यह राज्यसभा सीट पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. एल. मुरुगन के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। मुरुगन अप्रैल 2024 में मध्य प्रदेश से राज्यसभा पहुंचे थे। हालांकि, उन्होंने 14 अक्टूबर 2026 को अपनी सदस्यता छोड़ दी थी। उनका कार्यकाल अप्रैल 2030 तक था। उनके इस्तीफे के बाद खाली हुई सीट पर उपचुनाव की प्रक्रिया शुरू की गई।

कांग्रेस की आपत्तियों के बावजूद निर्विरोध जीत

हरदीप सिंह पुरी ने 31 अक्टूबर को अपना नामांकन दाखिल किया था। इसके बाद 3 नवंबर को दस्तावेजों की जांच के दौरान दो निर्दलीय उम्मीदवारों के पर्चे खारिज कर दिए गए। इनमें कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी राजकुमार लोहानी भी शामिल थे। कांग्रेस ने पुरी के नामांकन पत्र में 100 से अधिक कमियां होने का दावा करते हुए आपत्ति जताई थी।

हालांकि, निर्वाचन अधिकारी ने इन आपत्तियों को स्वीकार नहीं किया। नामांकन की प्रक्रिया 26 अक्टूबर से शुरू हुई थी और 2 नवंबर तक पर्चे दाखिल किए गए। 5 नवंबर को नाम वापसी की समयसीमा खत्म होने के साथ ही हरदीप सिंह पुरी का निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया।

यह भी पढ़ें : फुटबॉल चैम्पियन क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने किया संन्यास का ऐलान…

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments