HomeBreaking News5 करोड़ के कारोबार और 2 करोड़ के इंश्योरेंस के लिए पति...

5 करोड़ के कारोबार और 2 करोड़ के इंश्योरेंस के लिए पति को धीमा जहर देने का आरोप, आरोपी पत्नी हुई गिरफ्तार

गाजियाबाद में करोड़ों रुपये की संपत्ति और बीमा राशि हासिल करने के लिए पति को धीमा जहर देने की कथित साजिश का मामला सामने आया है। इंदिरापुरम में एक कारोबारी ने अपनी पत्नी और उसके परिवार के लोगों पर उसे, बेटे और भांजे को जहर देकर मारने की कोशिश का आरोप लगाया था। पुलिस ने जांच के बाद पत्नी रेनू भटनागर को गिरफ्तार कर लिया है।

तबीयत बिगड़ी तो मेडिकल जांच में सामने आया जहर

मामला 24 सितंबर को सामने आया, जब कारोबारी सुशील भटनागर ने इंदिरापुरम थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि पत्नी रेनू और उसके परिवार के लोग मिलकर उन्हें, उनके बेटे और भांजे को धीरे-धीरे जहर दे रहे हैं। सुशील की तबीयत लगातार खराब हो रही थी। उन्हें कई तरह की स्वास्थ्य समस्याएं होने लगी थीं। हालत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां मेडिकल जांच के दौरान डॉक्टरों ने उनके शरीर में लेड पॉइजन यानी सीसे के जहर की मौजूदगी की जानकारी दी। जांच में जहर मिलने की बात सामने आने के बाद सुशील को शक हुआ कि उन्हें जानबूझकर जहरीला पदार्थ दिया जा रहा है। इसके बाद उन्होंने पुलिस से संपर्क किया और पत्नी समेत उसके परिवार के सदस्यों पर गंभीर आरोप लगाए।

5-6 करोड़ का ट्रैवल कारोबार और 2 करोड़ की पॉलिसी

पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच के बाद 23 नवंबर को रेनू भटनागर को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में कथित तौर पर करोड़ों रुपये की संपत्ति और इंश्योरेंस की रकम हासिल करने की साजिश का पहलू सामने आया है। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान रेनू ने बताया कि उसके पति का ट्रैवल एजेंसी का कारोबार है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5 से 6 करोड़ रुपये है। इसके अलावा सुशील ने लगभग 2 करोड़ रुपये का इंश्योरेंस भी कराया हुआ था। इस पॉलिसी में रेनू को नॉमिनी बनाया गया था। जांच एजेंसियों के मुताबिक, पति की मौत के बाद बीमा राशि मिलने की संभावना और कारोबार पर नियंत्रण हासिल करने का लालच कथित साजिश की वजह बना। पुलिस इस दावे की जांच कर रही है।

बेटे और भांजे को भी जहर देने के आरोप की जांच

इस मामले में शिकायत केवल सुशील तक सीमित नहीं है। कारोबारी ने आरोप लगाया था कि उनके बेटे और भांजे को भी धीमा जहर देकर मारने की कोशिश की जा रही थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन दोनों को कथित तौर पर किस तरह निशाना बनाया गया और इसमें किन लोगों की भूमिका थी। रेनू की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसके परिवार के अन्य सदस्यों की संलिप्तता की भी जांच कर रही है। अधिकारियों के सामने अब यह पता लगाने की चुनौती है कि कथित साजिश कब शुरू हुई, जहरीला पदार्थ किस माध्यम से दिया गया और इसमें कौन-कौन शामिल था। फिलहाल मामले में जांच जारी है और आरोपों की पुष्टि होना बाकी है।

Read More

कांग्रेस को 35 से ज्यादा सीटें नहीं मिलनी चाहिए, यूपी चुनाव से पहले सपा-कांग्रेस में तकरार तेज

Ram Janam Chauhan
Ram Janam Chauhanhttp://mhone.in
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments