जिस दिन कपिल ने नई नौकरी शुरू की, उसने शायद यह कभी नहीं सोचा होगा कि वही दिन उसकी जिंदगी का आखिरी दिन बन जाएगा। महज कुछ रुपए के टोल से बचने की कोशिश ने एक 22 साल के युवक की जान ले ली। हरियाणा(Haryana News) के बहादुरगढ़ स्थित रोहद टोल प्लाजा पर शुक्रवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां हरियाणा रोडवेज की बस ने ड्यूटी पर तैनात टोल कर्मचारी को कुचल दिया।
गंभीर रूप से घायल कपिल को तुरंत रोहतक के पीजीआई अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान सांपला निवासी कपिल (22) के रूप में हुई है, जो अपने काम के पहले ही दिन ड्यूटी पर था।
रुकने की बजाय सीधा चढ़ा दी बस
जानकारी के अनुसार, हांसी डिपो की एक रोडवेज बस दिल्ली की ओर जा रही थी। बस चालक, जो गढ़ी गांव का रहने वाला बताया जा रहा है, टोल दिए बिना आगे बढ़ने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान कपिल ने उसे रोकने के लिए बस के सामने खड़े होकर इशारा किया, लेकिन चालक ने रफ्तार कम करने के बजाय सीधे उसे टक्कर मार दी और कुचलते हुए मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों और कर्मचारियों ने घायल कपिल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मामले में परिजनों की शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।
पूरी घटना CCTV में हुई कैद
यह पूरी घटना टोल प्लाजा पर लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें बस चालक की लापरवाही साफ नजर आ रही है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी चालक की तलाश में जुटी है। बताया जा रहा है कि रोहद टोल प्लाजा का संचालन हाल ही में एक नई कंपनी को सौंपा गया था, जो कर्मचारियों की भर्ती कर रही थी। कपिल भी उन्हीं नए कर्मचारियों में शामिल था और उसने उसी दिन अपनी ड्यूटी जॉइन की थी।
इस घटना के बाद टोल कर्मचारियों में भारी रोष है। उनका कहना है कि कई वाहन चालक टोल बचाने के लिए नियमों की अनदेखी करते हैं, जिससे उनकी जान जोखिम में पड़ जाती है। कर्मचारियों ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग उठाई है। गौरतलब है कि इससे पहले भी इसी तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जहां लापरवाही और टोल बचाने की कोशिश ने गंभीर हादसों को जन्म दिया है।