HomeBreaking Newsचमगादड़ों की खातिर गांव का बड़ा फैसला! दीवाली पर नहीं जलेंगे पटाखे,...

चमगादड़ों की खातिर गांव का बड़ा फैसला! दीवाली पर नहीं जलेंगे पटाखे, अनोखी पहल ने खींचा सभी का ध्यान

दिवाली का त्योहार आते ही देशभर में रोशनी और आतिशबाजी का माहौल देखने को मिलता है। लोग पटाखे जलाकर और रॉकेट छोड़कर खुशियां मनाते हैं। लेकिन तमिलनाडु(Tamilnadu) में एक ऐसा गांव भी है जहां पिछले करीब 100 सालों से दिवाली पर पटाखे नहीं जलाए जाते। यहां के लोगों ने अपनी खुशी से ज्यादा बेजुबान जीवों की सुरक्षा को महत्व दिया है। इस गांव का नाम पेरम्बूर है जो तमिलनाडु के मयिलादुथुरई जिले में स्थित है।

पेरम्बूर गांव में ‘वव्वाल थोप्पू’ नाम की एक जगह है जिसका अर्थ चमगादड़ों का बाग होता है। यहां करीब 150 साल पुराने बरगद के पेड़ पर सैकड़ों चमगादड़ रहते हैं। ये चमगादड़ इंडियन फ्लाइंग फॉक्स प्रजाति के हैं, जिन्हें बड़े फल खाने वाले चमगादड़ भी कहा जाता है। गांव के लोगों ने इन जीवों को पटाखों से निकलने वाले तेज शोर और धुएं से बचाने के लिए पीढ़ियों से आतिशबाजी नहीं करने की परंपरा निभाई है। इस दिवाली भी गांव में पटाखे नहीं जलाए जाएंगे। यहां लोग घरों में दीये जलाकर और मंदिर में पूजा-अर्चना करके त्योहार मनाते हैं।

बेजुबानों के घर को बचाने की कोशिश

पेरम्बूर अकेला ऐसा गांव नहीं है, जहां वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए लोग आतिशबाजी से दूरी रखते हैं। तमिलनाडु के कझुपेरुम्पक्कम और किट्टमपालयम जैसे गांवों में भी इस तरह की संवेदनशील परंपरा देखने को मिलती है। ग्रामीणों का मानना है कि त्योहार की खुशियां मनाने के लिए किसी दूसरे जीव को परेशानी में डालना जरूरी नहीं है।

पर्यावरण के लिए क्यों जरूरी हैं चमगादड़?

चमगादड़ प्रकृति और पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। ये फलों के बीजों को अलग-अलग जगह फैलाने और पौधों के परागण में मदद करते हैं। इससे जंगलों और हरियाली को बढ़ावा मिलता है। चमगादड़ आमतौर पर दिन में पेड़ों पर आराम करते हैं और रात में भोजन की तलाश में निकलते हैं।

ऐसे में पटाखों का तेज शोर और धुआं उनके प्राकृतिक जीवन को प्रभावित कर सकता है। पेरम्बूर के ग्रामीणों की यह परंपरा बताती है कि दिवाली केवल पटाखों और आतिशबाजी का त्योहार नहीं है। इसे रोशनी, पूजा और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी के साथ भी मनाया जा सकता है।

यह भी पढ़ें : 12वीं की टॉपर को सोने का हार देकर CM विजय ने बढ़ाया मान, छात्रों से की दिल…

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments