दिल्ली में लापता लोगों के आंकड़ों से डर का माहौल , रोज 54 गायब, 15 दिनों में 807 केस दर्ज

राजधानी दिल्ली में लापता लोगों के मामलों ने चिंता बढ़ा दी है। दिल्ली पुलिस के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2026 के पहले सिर्फ 15 दिनों में ही 807 लोग लापता हो चुके हैं

Feb 4, 2026 - 09:51
 33
दिल्ली में लापता लोगों के आंकड़ों से डर का माहौल , रोज 54 गायब, 15 दिनों में 807 केस दर्ज

राजधानी दिल्ली में लापता लोगों के मामलों ने चिंता बढ़ा दी है। दिल्ली पुलिस के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2026 के पहले सिर्फ 15 दिनों में ही 807 लोग लापता हो चुके हैं। इनमें से 509 महिलाएं और लड़कियां हैं, जबकि 298 पुरुष लापता बताए गए हैं। यह आंकड़ा बताता है कि दिल्ली में औसतन हर दिन करीब 54 लोग गायब हो रहे हैं। दिल्ली पुलिस अब तक 235 लोगों को ढूंढने में सफल रही है, लेकिन अभी भी 572 लोग लापता हैं, जिससे सैकड़ों परिवारों की चिंता बढ़ गई है।

बच्चों और किशोरों पर सबसे ज्यादा खतरा

जनवरी के पहले पखवाड़े में 191 नाबालिग लापता हुए, जिनमें 146 लड़कियां और 45 लड़के शामिल हैं। पुलिस केवल 29 लड़कियों और 19 लड़कों को ही ढूंढ पाई है। इसका मतलब है कि करीब 71% किशोर अभी भी लापता हैं। सबसे ज्यादा मामले किशोर उम्र के हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, 169 किशोर लापता हुए जिनमें 138 किशोरियां और 31 किशोर शामिल हैं। 8 से 12 वर्ष के आयु वर्ग में 13 बच्चे लापता हुए, जिनमें 8 लड़के और 5 लड़कियां हैं। पुलिस ने केवल 3 लड़कों को ही खोजा है। वहीं 8 साल से कम उम्र के 9 बच्चे लापता हुए, जिनमें से केवल 3 बच्चों का पता चल पाया है, जबकि 6 अब भी गायब हैं।

वयस्कों की संख्या सबसे अधिक

दिल्ली में लापता होने वालों में सबसे बड़ा हिस्सा वयस्कों का है। पहले 15 दिनों में 616 वयस्क लापता हुए, जिनमें 363 महिलाएं और 253 पुरुष हैं। पुलिस ने 91 महिलाओं और 90 पुरुषों को खोजा है, लेकिन अभी भी 435 वयस्क लापता हैं।

2025 में 24 हजार से ज्यादा लापता मामले

दिल्ली में वर्ष 2025 के दौरान कुल 24,508 लापता मामलों की रिपोर्ट दर्ज हुई थी। इनमें 14,870 महिलाएं लापता हुईं, जो कुल मामलों का 60% से ज्यादा है। वहीं 9,638 पुरुष भी लापता हुए।
पुलिस ने 15,421 लोगों को ढूंढ लिया, लेकिन 9,087 मामले अब भी अनसुलझे हैं।

10 साल में 2.32 लाख लोग लापता

पिछले 10 वर्षों के आंकड़ों के अनुसार दिल्ली में कुल 2,32,737 लोग लापता हुए। इनमें से लगभग 1.8 लाख लोगों को ढूंढ लिया गया, लेकिन करीब 52,000 मामले अभी भी लंबित हैं। किशोरों के मामले लगातार सबसे अधिक सामने आ रहे हैं। वर्ष 2016 से अब तक हर साल औसतन 5,000 से ज्यादा किशोर लापता हो रहे हैं, जिनमें करीब 3,500 लड़कियां शामिल होती हैं। साल 2025 में कुल 5,081 किशोर लापता हुए थे, जिनमें 3,970 लड़कियां थीं। इनमें से 1,013 लड़कियां अब भी लापता हैं।

पुलिस का दावा: ऑपरेशन मिलाप से तेज हुई कार्रवाई

दिल्ली पुलिस ने बताया कि लापता लोगों की तलाश के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं। “ऑपरेशन मिलाप” नामक अभियान के तहत दक्षिण-पश्चिम जिला पुलिस ने जनवरी में 75 लोगों को उनके परिवारों से मिलाया, जिनमें 28 लापता या अपहृत बच्चे और 47 वयस्क शामिल हैं। दिल्ली में बढ़ते लापता मामलों ने सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासन पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि पुलिस इन मामलों में कितनी तेजी से कार्रवाई कर पाती है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow