Data Leak: दुनियाभर में करोड़ों इंटरनेट यूजर्स की निजी जानकारियों की सुरक्षा पर बड़ा खतरा मंडराने लगा है. साइबर सिक्योरिटी रिसर्चर्स ने डेटा लीक के दो बड़े मामलों का खुलासा किया है, जिनमें कुल 3.5 अरब से अधिक रिकॉर्ड सामने आए हैं। इनमें एक डेटाबेस में करीब 2 अरब लॉगिन रिकॉर्ड मिले हैं, जबकि दूसरे में चीन से जुड़े 1.64 अरब रिकॉर्ड मौजूद हैं।
लीक हुई जानकारी में ईमेल एड्रेस, यूजरनेम, पासवर्ड, फोन नंबर, सरकारी पहचान संख्या और पर्सनल डॉक्यूमेंट्स शामिल हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक, साइबर अपराधी इस डेटा का इस्तेमाल लोगों के अकाउंट में सेंध लगाने और उनकी पहचान का गलत इस्तेमाल करने के लिए कर सकते हैं।
3.5 अरब रिकॉर्ड का मतलब इतने प्रभावित लोग नहीं
वायर्ड की रिपोर्ट के अनुसार, इन दोनों मामलों का पता अलग-अलग साइबर सिक्योरिटी रिसर्चर्स ने लगाया है। एक डेटाबेस में करीब 2 अरब लॉगिन रिकॉर्ड मिले, जबकि दूसरे में चीन से जुड़े 1.64 अरब रिकॉर्ड सामने आए।
हालांकि, 3.5 अरब से ज्यादा का यह आंकड़ा प्रभावित लोगों की संख्या नहीं, बल्कि लीक हुए रिकॉर्ड की संख्या बताता है। इसकी वजह यह है कि एक ही व्यक्ति की जानकारी कई अलग-अलग अकाउंट और रिकॉर्ड में दर्ज हो सकती है। इसलिए वास्तविक प्रभावित लोगों की संख्या का पता लगाना मुश्किल है।
मालवेयर के जरिए चोरी हुए 2 अरब लॉगिन रिकॉर्ड
पहले मामले का खुलासा Black Hills Information Security के रिसर्चर जेरेमिया फाउलर ने किया। उन्हें एक ऐसा डेटाबेस मिला, जिसमें करीब 2 अरब लॉगिन रिकॉर्ड मौजूद थे। इसमें ईमेल एड्रेस, यूजरनेम, पासवर्ड, कुकीज, सेशन टोकन और डिवाइस से जुड़ी जानकारियां शामिल थीं। इस डेटा को 8,471 अलग-अलग फोल्डर में देशों के हिसाब से रखा गया था।
रिसर्चर्स का मानना है कि इस जानकारी का बड़ा हिस्सा इन्फो स्टीलर मालवेयर के जरिए चोरी किया गया हो सकता है। यह एक ऐसा खतरनाक सॉफ्टवेयर है, जो किसी डिवाइस में सेव पासवर्ड और दूसरी निजी जानकारियां चुरा सकता है। बाद में साइबर अपराधी इस डेटा को खरीदने और बेचने का काम करते हैं।
इस मामले में करीब 4 लाख डॉक्यूमेंट्स का मिलना भी चिंता बढ़ाने वाला है। फाउलर के अनुसार, ये दस्तावेज किसी ज्यादा एडवांस मालवेयर के जरिए जुटाए गए हो सकते हैं। इनकी मदद से किसी व्यक्ति की डिजिटल गतिविधियों और निजी जानकारियों की विस्तृत प्रोफाइल तैयार की जा सकती है।
चीन से जुड़े 1.64 अरब रिकॉर्ड भी उजागर
दूसरे मामले का पता साइबर सिक्योरिटी कंपनी UpGuard के रिसर्च डायरेक्टर ग्रेग पोलॉक ने लगाया। उन्हें 1.64 अरब डॉक्यूमेंट्स वाला एक डेटाबेस मिला, जिसका संबंध मुख्य रूप से चीन के नागरिकों और वहां के कारोबार से था।
इस डेटाबेस में करीब 84 करोड़ अलग-अलग राष्ट्रीय पहचान संख्या, 30 करोड़ फोन नंबर, 1.1 करोड़ स्टूडेंट एनरोलमेंट रिकॉर्ड और लगभग 80 लाख बिजनेस रजिस्ट्रेशन से जुड़ी जानकारियां शामिल थीं। कुछ रिकॉर्ड में बच्चों और मृत लोगों की निजी जानकारियां भी मिलीं।
रिपोर्ट के मुताबिक, इस डेटाबेस को बिना किसी पासवर्ड या पहचान की पुष्टि के एक्सेस किया जा सकता था। हालांकि, जांच के दौरान यह अचानक उपलब्ध होना बंद हो गया। इसके पीछे रैनसमवेयर हमले या किसी दूसरी साइबर गतिविधि की आशंका जताई गई है।
ऑनलाइन ठगी और पहचान की चोरी का बढ़ सकता है खतरा
रिसर्चर्स के मुताबिक, अलग-अलग स्रोतों से जुटाई गई ऐसी जानकारियां साइबर अपराधियों के लिए बेहद उपयोगी साबित हो सकती हैं। इनका इस्तेमाल फर्जी पहचान बनाने, लोगों के अकाउंट में सेंध लगाने और निजी जानकारियों के आधार पर उन्हें ठगी का शिकार बनाने के लिए किया जा सकता है।
खासकर सरकारी पहचान संख्या, फोन नंबर और निजी दस्तावेजों के लीक होने से पहचान की नकल और वित्तीय धोखाधड़ी का खतरा बढ़ सकता है।
2024 में भी लीक हुए थे 26 अरब रिकॉर्ड
गौरतलब है कि साल 2024 में सामने आए ‘मदर ऑफ ऑल ब्रीचेज’ (Mother of All Breaches) मामले में करीब 26 अरब रिकॉर्ड उजागर हुए थे। इसे अब तक के सबसे बड़े डेटा लीक मामलों में गिना जाता है। ताजा खुलासे ने एक बार फिर डिजिटल दुनिया में निजी जानकारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Read More:
पहले तलाक, फिर हुआ इकरार! जापानी कपल ने लखनऊ में हिंदू रीति-रिवाज से रचाई शादी, कहानी ने जीता दिल

