राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज केरल स्थित सबरीमाला मंदिर में दर्शन करने पहुंची थीं, लेकिन जैसे ही उनका हेलीकॉप्टर (भारतीय वायुसेना का MI-17) लैंड हुआ तो वह गड्ढे में फंस गया जिसके बाद आनन -फानन में मौके पर मौजूद पुलिस और अग्निशमन कर्मियों ने हेलीकॉप्टर को धक्का देकर गड्ढे से निकाला।
यह घटना केरल के पथानामथिट्टा स्थित राजीव गांधी स्टेडियम में घटित हुई, अधिकारियों ने जानकारी देते हुए कहा कि यह हेलीपैड जल्दबाजी में बनाया गया था, कन्क्रीट पूरी तरह से जम नहीं पाने के कारण हेलिकॉप्टर उतरा तो वह उसका भार नहीं संभाल सका और एक तरफ झुकने लगा और जहां इसके पहिए जमीन को छू रहे थे, वहां गड्ढे बन गए।’
अधिकारियों के अनुसार, राष्ट्रपति मुर्मू के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग की योजना पहले पंबा के पास निलक्कल में बनाई गई थी लेकिन खराब मौसम के कारण इसमें बदलाव किया गया था, हालांकि राष्ट्रपति मुर्मू ने सड़क मार्ग से अपनी यात्रा जारी रखी।
