Delhi Firing: दिल्ली के न्यू उस्मानपुर इलाके में यमुना खादर के पास बुधवार को दिल्ली पुलिस के स्पेशल स्टाफ और बदमाश अमन गुर्जर के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार, टीम को सामने देखते ही अमन ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली अमन के पैर में जा लगी। गोली लगने के बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।
मुठभेड़ में घायल अमन गुर्जर को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से अवैध हथियार और कारतूस भी बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस उसकी आपराधिक गतिविधियों और अन्य मामलों में संलिप्तता की जानकारी जुटा रही है। मामले की आगे की जांच जारी है।
लाहौरी गेट में युवकों के झगड़े के दौरान चली गोली
गोलीबारी की दूसरी घटना उत्तरी दिल्ली के लाहौरी गेट इलाके में सामने आई। यहां बुधवार रात कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और इस दौरान गोली चला दी गई। फायरिंग में 20 साल का एक युवक घायल हो गया।
पुलिस के मुताबिक, गोली युवक के पैर की उंगली के पास लगी है। घटना के तुरंत बाद उसे लोकनायक जय प्रकाश (LNJP) अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों ने युवक की हालत स्थिर बताई है।
डीसीपी नॉर्थ निहारिका भट्ट ने बताया कि लाहौरी गेट इलाके में गोली चलने की सूचना PCR कॉल के माध्यम से मिली थी। शुरुआती जांच में पता चला कि कुछ युवकों के बीच पहले बहस हुई और फिर विवाद के दौरान फायरिंग की गई। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि झगड़ा किस वजह से शुरू हुआ था और गोली किस युवक ने चलाई।
CCTV फुटेज की जांच
लाहौरी गेट गोलीकांड में आरोपियों की पहचान करने के लिए पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके अलावा स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया था। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और गोली चलाने वाले आरोपी का पता लगाने की कोशिश जारी है।
कुछ दिन पहले भी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार हुआ था शूटर
गौरतलब है कि दिल्ली में हाल के दिनों में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ की घटनाएं सामने आ रही हैं। कुछ दिन पहले द्वारका पुलिस ने मुठभेड़ के बाद हाशिम बाबा गैंग के शूटर शिवम को गिरफ्तार किया था। अब न्यू उस्मानपुर में अमन गुर्जर की गिरफ्तारी और लाहौरी गेट में हुई फायरिंग की घटना ने एक बार फिर राजधानी की कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी है।
Read More:

