Uttarakhand Police Transfers: उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले राज्य सरकार ने प्रशासनिक और पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल किया है। शासन ने 12 IAS और 17 IPS अधिकारियों के तबादले करते हुए कई अहम विभागों और जिलों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया है। इस फेरबदल में सचिव, प्रमुख सचिव और अपर सचिव स्तर के अधिकारियों के विभाग बदले गए हैं।
वहीं, कई जिलों के एसएसपी और पुलिस अधीक्षकों को भी नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। सचिव आवास आर. राजेश कुमार को सचिव खनन का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है, जबकि बृजेश कुमार संत को खेल एवं युवा कल्याण विभाग की जिम्मेदारी मिली है। पुलिस महकमे में मणिकांत मिश्र को ऊधमसिंहनगर का नया एसएसपी और अर्पण यदुवंशी को नैनीताल का एसएसपी बनाया गया है।
कई IAS अधिकारियों के विभाग बदले
शासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार, प्रमुख सचिव लालरिन लियना फैनई को मौजूदा विभागों के साथ आबकारी विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। सचिव आर. राजेश कुमार को खनन विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, दिलीप जावलकर से वित्त विभाग वापस ले लिया गया है। अब उनके पास निर्वाचन और जलागम विभाग रहेंगे।
बृजेश कुमार संत से औद्योगिक विकास (खनन), महानिदेशक खनन और आबकारी विभाग की जिम्मेदारी हटाकर खेल एवं युवा कल्याण विभाग सौंपा गया है। अपर सचिव पर्यटन अभिनव शाह को रजिस्ट्रार कॉपरेटिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है, जबकि रीना जोशी को श्रम विभाग की जिम्मेदारी मिली है।
विनीत कुमार से श्रम विभाग हटाकर जलागम और अल्पसंख्यक कल्याण विभाग का दायित्व दिया गया है। उन्हें अपर निदेशक और परियोजना निदेशक जलागम भी बनाया गया है। मनुज गोयल को उच्च एवं तकनीकी शिक्षा के साथ वित्त विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
गृह और वन विभाग में भी बदलाव
मेहरबान सिंह बिष्ट से सहकारिता और रजिस्ट्रार सहकारिता का प्रभार हटाकर गृह विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। बाध्य प्रतीक्षारत बीएस चलाल को निदेशक दुग्ध विकास और निदेशक डेयरी बनाया गया है। वहीं, इलागिरी को इन पदों से हटाकर अपर आयुक्त, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता की जिम्मेदारी दी गई है।
सचिवालय सेवा के अपर सचिव विक्रम सिंह यादव से अल्पसंख्यक कल्याण विभाग हटा दिया गया है। महिमा रौंकली को राजस्व और सैनिक कल्याण विभाग के साथ वन विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
रंजीत सिन्हा को आयुष शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी
सचिव डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा से तकनीकी शिक्षा विभाग हटाकर आयुष और आयुष शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, सचिव युगल किशोर पंत को संस्कृति और सचिवालय प्रशासन के साथ तकनीकी शिक्षा विभाग का अतिरिक्त प्रभार मिला है।
सचिव रंजना राजगुरू से आयुष और आयुष शिक्षा विभाग हटाकर नियोजन विभाग सौंपा गया है। इसके अलावा विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा से खेल एवं युवा कल्याण विभाग का दायित्व वापस ले लिया गया है।
17 IPS अधिकारियों के तबादले
आईएएस अधिकारियों के साथ शासन ने बुधवार देर रात 17 आईपीएस अधिकारियों के तबादले के आदेश भी जारी किए। गृह विभाग की ओर से सचिव शैलेश बगौली के हस्ताक्षर से जारी आदेश में अधिकारियों को जल्द नई जिम्मेदारी संभालने के निर्देश दिए गए हैं। उन्हें कार्यभार प्रमाणक की प्रति पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के माध्यम से शासन को भेजने को कहा गया है।
तबादले के तहत मंजूनाथ टीसी को एसएसपी नैनीताल के पद से हटाकर सेनानायक, 31वीं वाहिनी पीएसी, रुद्रपुर बनाया गया है। पंकज भट्ट को 46वीं वाहिनी पीएसी, रुद्रपुर से हटाकर सेनानायक, आईआरबी प्रथम बैलपड़ाव भेजा गया है।
विशाखा अशोक भदाणे को सेनानायक एसडीआरएफ से हटाकर पुलिस अधीक्षक, पुलिस मुख्यालय की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, अजय गणपति कुम्भार को आईआरबी द्वितीय से हटाकर सेनानायक एसडीआरएफ बनाया गया है।
मणिकांत मिश्र बने ऊधमसिंहनगर के नए SSP
पुलिस अधीक्षक अभिसूचना के पद से हटाए गए मणिकांत मिश्र को एसएसपी ऊधमसिंहनगर बनाया गया है। अमित श्रीवास्तव को सीआईडी सेक्टर, देहरादून से हटाकर पुलिस अधीक्षक अभिसूचना की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सरिता डोबाल को पुलिस अधीक्षक सुरक्षा, अभिसूचना मुख्यालय से हटाकर एसएसपी टिहरी बनाया गया है। हरीश को आईआरबी प्रथम बैलपड़ाव से हटाकर सेनानायक, 46वीं वाहिनी पीएसी, रुद्रपुर की जिम्मेदारी दी गई है।
शारजहां जावेद खान को फायर सर्विस की कमान
सुरजीत पंवार को एसपी चमोली से हटाकर पुलिस अधीक्षक पुलिस मुख्यालय भेजा गया है। शारजहां जावेद खान को अपर पुलिस अधीक्षक, यातायात निदेशालय से हटाकर एसपी फायर सर्विस, मुख्यालय बनाया गया है। जगदीश चन्द्र को एसपी नगर, नैनीताल से हटाकर एसपी बागेश्वर की जिम्मेदारी दी गई है।
श्वेता चौबे को एसएसपी टिहरी से हटाकर सेनानायक आईआरबी द्वितीय बनाया गया है। देवेन्द्र पींचा को 31वीं वाहिनी पीएसी, रुद्रपुर से हटाकर एसएसपी पौड़ी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, अर्पण यदुवंशी को एसएसपी नैनीताल बनाया गया है।
इस प्रशासनिक फेरबदल को विधानसभा चुनाव 2027 से पहले शासन और पुलिस व्यवस्था को नए सिरे से व्यवस्थित करने की अहम कवायद माना जा रहा है।
Read More:


[…] […]