बॉम्बे हाईकोर्ट ने दक्षिण मुंबई की जर्जर मुसाफिरखाना बिल्डिंग में किसी भी व्यक्ति के प्रवेश पर रोक लगा दी है। अदालत ने पुलिस को स्पष्ट निर्देश दिया कि नमाज पढ़ने के लिए भी कोई इस इमारत के अंदर न जाए। बिल्डिंग का करीब आधा हिस्सा पहले ही गिराया जा चुका है और इसके ढहने की आशंका जताई गई है।
तीन बार गिर चुके हैं इमारत के हिस्से
चीफ जस्टिस एमसी त्रिपाठी और जस्टिस अद्वैत सेठना की पीठ ने बुधवार को यह आदेश सुनाया। सुनवाई के दौरान बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के वकील अनिल साखरे ने अदालत को बताया कि मुसाफिरखाना की हालत बेहद खराब है और इसका आधा हिस्सा गिराया जा चुका है। उन्होंने यह भी बताया कि इमारत के हिस्से गिरने की तीन घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन याचिका में इनका उल्लेख नहीं किया गया। साखरे ने अदालत से अपील की कि लोगों को इस परिसर में जाने से रोका जाए। उन्होंने कहा, “मेरी पर्सनल रिक्वेस्ट है कि लोगों से इस प्रॉपर्टी में न जाने के लिए कहा जाए।”
नमाज की अनुमति मांगने पर कोर्ट की सख्त टिप्पणी
सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता की वकील सना बागवाला ने दलील दी कि इमारत में किसी को ठहरने की अनुमति न दी जाए, लेकिन वहां मौजूद मस्जिद या प्रेयर हॉल में पांच वक्त की नमाज पढ़ने की छूट दी जानी चाहिए। इस मांग पर अदालत ने कड़ी नाराजगी जताई। पीठ ने कहा कि पहले भी मामले में तथ्यों का सही तरीके से उल्लेख नहीं किया गया था। अदालत ने टिप्पणी की कि यदि आदेश गुमराह करके हासिल किया गया है, तो इसकी अनुमति नहीं दी जाएगी। पीठ ने यह भी कहा, “कोर्ट को गुमराह करने की कोशिश न करें, यह मस्जिद नहीं है।” इसके बाद अदालत ने स्थानीय पुलिस को निर्देश दिया कि वह सुनिश्चित करे कि कोई भी व्यक्ति विवादित परिसर में दाखिल न हो।
दाऊद इब्राहिम से जुड़ा रहा है मुसाफिरखाना
दक्षिण मुंबई स्थित यह मुसाफिरखाना कभी अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम का ठिकाना हुआ करता था। बताया जाता है कि उसने हज यात्रियों के ठहरने के लिए बनाई गई इस सराय के बड़े हिस्से पर कब्जा कर लिया था। गौरतलब है कि हाईकोर्ट ने पिछले सप्ताह इस इमारत के ध्वस्तीकरण पर रोक लगाते हुए यथास्थिति बनाए रखने का आदेश दिया था। साथ ही प्रतिवादियों से जवाब दाखिल करने को कहा था। अब मामले की अगली सुनवाई 30 नवंबर को होगी। तब तक परिसर में किसी भी व्यक्ति के प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
Read More
कार्तिक पूर्णिमा पर यूपी के तीर्थों में उमड़ा आस्था का सैलाब, 30 लाख श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी

