मेरठ के चर्चित होटल कांड में फरार चल रहे आरोपी सलमान को पुलिस ने बुधवार, 25 नवंबर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, घेराबंदी के दौरान आरोपी ने टीम पर फायरिंग की और भागने की कोशिश में पुल से नीचे गिरकर घायल हो गया। उसके पास से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस को देखते ही फायरिंग
मेरठ पुलिस की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, लोहिया नगर पुलिस ने सलमान को ग्राम नारहेड़ा के पास निर्माणाधीन अंडरपास के नजदीक घेर लिया था। पुलिस का दावा है कि घिरने पर सलमान ने जान से मारने की नीयत से टीम पर गोली चलाई। इसके बाद वह पुल पर चढ़कर भागने लगा, लेकिन नीचे गिर गया। इससे उसके दाहिने पैर और बाएं हाथ में चोट आई। पुलिस ने उसे मौके पर पकड़ लिया और इलाज के लिए पीएल शर्मा जिला चिकित्सालय भेजा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से .315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ।
एनकाउंटर के बाद रोते हुए दिखा सलमान
मुठभेड़ के बाद सामने आए वीडियो में सलमान पुलिसकर्मियों से माफी मांगता नजर आ रहा है। वह कहता सुनाई देता है, “सर, गलती हो गई, माफ कर दो, अब नहीं होगी गलती।” वीडियो में पुलिसकर्मी उसे कंधे पर उठाकर ले जाते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, सलमान की उम्र 29 साल है और वह रोहटा क्षेत्र का रहने वाला है। उसके खिलाफ मेरठ और गाजियाबाद के अलग-अलग थानों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
दुष्कर्म की कोशिश का आरोप
सलमान सदर बाजार थाने में दर्ज दुष्कर्म के प्रयास और एससी/एसटी एक्ट के मामले में वांछित था। उस पर आरोप है कि उसने मेरठ के आबूलेन स्थित होटल में एक युवती को बंधक बनाया, उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश की और शादी करने का दबाव डाला। युवती के मुताबिक, वह आरोपी के चंगुल से निकलकर होटल से बाहर भागी थी। आरोप है कि सलमान ने सड़क पर उसे पकड़कर पीटा और वापस ले जाने की कोशिश की। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। मामले के सामने आने के बाद होटल को सील कर दिया गया था। पुलिस अब बरामद हथियार, मुठभेड़ और युवती की शिकायत से जुड़े साक्ष्य जुटाकर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
Read More


[…] […]