उत्तर प्रदेश के मेरठ से गिरफ्तार संदिग्ध आतंकी उजैद कुरैशी के मोबाइल फोन से सुरक्षा एजेंसियों को भारतीय सेना पर हमले की कथित साजिश से जुड़े अहम सबूत मिले हैं। जांच में सामने आई WhatsApp चैट के मुताबिक, उजैद को बम से भरी जैकेट पहनाकर सेना की चेकपोस्ट पर आत्मघाती हमला करने की योजना बनाई जा रही थी। इस साजिश में पाकिस्तान में बैठे एक हैंडलर के शामिल होने की बात भी सामने आई है। एजेंसियां अब मोबाइल से मिले डिजिटल सबूतों के आधार पर पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही हैं।
‘005 Brigade’ ग्रुप में बना था हमले का प्लान
सुरक्षा एजेंसियों के सूत्रों के मुताबिक, उजैद के मोबाइल से ‘005 Brigade’ नाम के WhatsApp ग्रुप की चैट मिली है। इस ग्रुप में कुल पांच सदस्य जुड़े हुए थे। इसमें पाकिस्तान में मौजूद एक हैंडलर ‘DRUGS’ कोडनेम से बातचीत कर रहा था। चैट में सेना की चेकपोस्ट को निशाना बनाने और घर पर ही विस्फोटक जैकेट तैयार करने की चर्चा हुई थी। बातचीत के दौरान एक सदस्य ने योजना के बारे में पूछा तो हैंडलर ने जवाब दिया कि साजिद को बम वाली जैकेट पहनाकर भारतीय सेना की चेकपोस्ट पर भेजा जाएगा और वहां विस्फोट किया जाएगा। इसके जवाब में उजैद ने लिखा, ‘ठीक है, मैं तैयार हूं। इंशाअल्लाह, पूरी चेकपोस्ट उड़ा दूंगा। इंशाअल्लाह, मैं अपना 100 प्रतिशत दूंगा।’ जब ग्रुप में जैकेट की उपलब्धता को लेकर सवाल किया गया तो हैंडलर ने कहा कि इसे घर पर ही तैयार कर लिया जाएगा।
Signal, Session और Instagram से चला रहा था नेटवर्क
जांच में यह भी पता चला है कि उजैद कथित तौर पर करीब एक साल से फरार रहते हुए डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए अपना नेटवर्क चला रहा था। इसके लिए उसने Signal, Session और Instagram जैसे सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया। युवाओं को जोड़ने और गतिविधियों के संचालन के लिए उसने ‘ट्यूशन 40’ और ‘ब्रिगेड’ जैसे नामों से गोपनीय ग्रुप बनाए थे। इन ग्रुपों का एडमिन भी उजैद खुद था। इसके अलावा वह ‘इब्ने आदम 99’ नाम से एक सोशल मीडिया अकाउंट भी संचालित कर रहा था। एजेंसियों की जांच में दावा किया गया है कि इस अकाउंट के जरिए पाकिस्तान और पाक अधिकृत जम्मू-कश्मीर (POJK) में मौजूद कई संदिग्ध आतंकी उसके संपर्क में थे। जांचकर्ता अब इन संपर्कों और ग्रुप में शामिल दूसरे सदस्यों की पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं।
2023 से शुरू हुआ कट्टरपंथ की ओर झुकाव
सुरक्षा एजेंसियों की शुरुआती जांच के अनुसार, उजैद के कट्टरपंथ की ओर बढ़ने की प्रक्रिया वर्ष 2023 में शुरू हुई थी। इसके बाद धीरे-धीरे उसका संपर्क सीमा पार बैठे कथित आतंकी आकाओं से बढ़ता गया। जांच एजेंसियों को आशंका है कि इसी दौरान वह देश विरोधी गतिविधियों से जुड़ गया।मोबाइल से मिली चैट और सोशल मीडिया अकाउंट्स की जानकारी के बाद अब एजेंसियों का ध्यान इस नेटवर्क के बाकी सदस्यों पर है। खास तौर पर उन लोगों की पहचान की जा रही है, जो कथित तौर पर युवाओं की भर्ती, संपर्क स्थापित करने और हमले की योजना बनाने में शामिल थे।
Read More
अमेरिका में समुद्र में गिरा विमान, 2 बच्चों समेत 6 लोगों की मौत


[…] […]