मुंबई के मुलुंड ईस्ट इलाके की टाटा कॉलोनी में गुरुवार को एक लेबर कैंप में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कैंप में रहने वाले मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जान बचाकर बाहर निकल आए। यह लेबर कैंप धारावी से विस्थापित परिवारों के पुनर्वास के लिए बनाए गए प्रोजेक्ट परिसर का हिस्सा है। कैंप G+1 ढांचे में बनाया गया है।
आग के बीच फटे 7 गैस सिलेंडर
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आग की वजह गैस सिलेंडर में विस्फोट होने की आशंका जताई जा रही है। जोनल DCP ने बताया कि अब तक करीब सात गैस सिलेंडर फटने की सूचना है। हालांकि, आग वास्तव में किस वजह से शुरू हुई, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है और जांच की जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब 15 फायर टेंडर, एंबुलेंस, नवघर पुलिस और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी राहत एवं बचाव अभियान में जुट गए। दमकलकर्मियों ने आग को फैलने से रोकने और उसे नियंत्रित करने के लिए अभियान चलाया।
सभी लोगों को निकाला गया बाहर
पुलिस के मुताबिक, लेबर कैंप में मौजूद सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। फिलहाल घटना में किसी व्यक्ति के घायल होने या मौत की सूचना नहीं है। आग के कारण आसपास के इलाके में भी लोगों के बीच चिंता का माहौल बना रहा। पुलिस ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था संभाल ली है। आग पर पूरी तरह नियंत्रण और नुकसान के आकलन के साथ-साथ घटना की वजह का भी पता लगाया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
पिछले महीने गोरेगांव में भी बस में लगी थी आग
मुंबई में इससे पहले पिछले महीने गोरेगांव पश्चिम में वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर एक टूरिस्ट बस में आग लग गई थी। बस गोरेगांव मेट्रो स्टेशन के नीचे सिग्नल के पास खड़ी थी। आग से उठता धुआं मेट्रो स्टेशन तक पहुंच गया था, जिसके बाद यात्रियों को स्टेशन से नीचे जाने के लिए कहा गया। घटना के बाद दमकल, पुलिस, 108 एंबुलेंस और मेट्रो अधिकारियों की टीमें मौके पर पहुंची थीं। बताया गया था कि तकनीकी खराबी के बाद ड्राइवर बस से उतर गया था और इसके बाद धमाके के साथ आग फैल गई। हालांकि उस घटना में भी किसी के हताहत होने की सूचना नहीं थी।
Read More
42 पूर्व जजों ने चुनाव आयोग को लिखा चिट्टी, कहा – SIR को लेकर जनता का नहीं यह राजनीतिक प्रदर्शन

