पंजाब में युवाओं को रोजगार से जोड़ने और राज्य में औद्योगिक निवेश को आसान बनाने की दिशा में दो नई डिजिटल पहलों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान(Bhagwant Singh Mann) ने ‘हुनर पंजाब’ पोर्टल और ‘फास्ट-ट्रैक पंजाब’ के फाइनेंशियल इंसेंटिव मॉड्यूल की शुरुआत की है। इनका उद्देश्य युवाओं और उद्योगों के बीच बेहतर तालमेल बनाना और निवेशकों के लिए प्रक्रियाओं को अधिक सरल व पारदर्शी बनाना है।
‘हुनर पंजाब’ पोर्टल का मुख्य फोकस कौशल रखने वाले युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसरों से जोड़ना है। इसके जरिए प्रशिक्षित युवाओं की जानकारी संबंधित क्षेत्रों में मौजूद उद्योगों तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी। इससे कंपनियों को अपनी जरूरत के मुताबिक स्थानीय स्तर पर योग्य उम्मीदवार मिल सकेंगे और युवाओं को भी अपने घर या आसपास के क्षेत्र में नौकरी तलाशने में सुविधा होगी। पंजाब में कौशल विकास से जुड़ी योजनाओं के तहत विभिन्न क्षेत्रों में प्रशिक्षण देने की प्रक्रिया भी जारी है।
निवेशकों के लिए आसान
वहीं, ‘फास्ट-ट्रैक पंजाब’ का फाइनेंशियल इंसेंटिव मॉड्यूल निवेशकों के लिए एक डिजिटल पासबुक की तरह काम करने की परिकल्पना की गई है। इसमें उनकी औद्योगिक इकाई से संबंधित वित्तीय प्रोत्साहनों और जरूरी जानकारी को एक ही जगह पर देखा जा सकेगा।
इस तरह निवेशकों को अलग-अलग जगहों पर जानकारी तलाशने की जरूरत कम होगी। ऑनलाइन व्यवस्था से प्रक्रिया में स्पष्टता बढ़ने और निवेशकों को अपनी परियोजनाओं से जुड़ी जानकारी आसानी से उपलब्ध होने की उम्मीद है।
रोजगार और औद्योगिक विकास पर जोर
इन पहलों को पंजाब में रोजगार, कौशल विकास और औद्योगिक निवेश को एक साथ आगे बढ़ाने की कोशिश के तौर पर देखा जा सकता है। एक तरफ हुनरमंद युवाओं को उद्योगों से जोड़ने पर जोर है तो दूसरी ओर निवेशकों के लिए डिजिटल और सुव्यवस्थित व्यवस्था तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है।
Fast Track Punjab पहले से ही निवेशकों को ऑनलाइन आवेदन, शुल्क भुगतान और मंजूरी की स्थिति देखने जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराता है। कुल मिलाकर, इन डिजिटल पहलों का उद्देश्य पंजाब में रोजगार के अवसर बढ़ाने, उद्योगों के लिए स्थानीय प्रतिभा उपलब्ध कराने और निवेश से जुड़ी प्रक्रियाओं को अधिक सुविधाजनक बनाने की दिशा में काम करना है।