मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के परिवार में एक बार फिर खुशियां आई हैं। उनके छोटे बेटे कुणाल चौहान और रिद्धि माता-पिता बने हैं। उनके घर बेटे का जन्म हुआ है। शिवराज सिंह चौहान ने सोशल मीडिया पर यह खुशखबरी साझा करते हुए बताया कि नवजात का नाम ‘अहान’ रखा गया है। इस साल जनवरी में उनके बड़े बेटे कार्तिकेय और बहू अमानत के घर बेटी का जन्म हुआ था।
वीडियो शेयर कर दी पोते के जन्म की जानकारी
शिवराज सिंह चौहान ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए पोते के जन्म की जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि उनके जीवन में एक बार फिर “सौभाग्य का सूर्योदय” हुआ है और बेटे के रूप में ‘अहान’ उनके घर खुशियां लेकर आया है। उन्होंने बताया कि कुणाल और रिद्धि माता-पिता बने हैं और उन्हें तथा उनकी पत्नी साधना को फिर से दादा-दादी बनने का अवसर मिला है। पोस्ट में उन्होंने बड़े बेटे कार्तिकेय और बहू अमानत के लिए भी परिवार में नए रिश्ते का जिक्र किया और बताया कि उनकी बेटी इला को भी छोटा भाई मिला है। शिवराज सिंह चौहान ने रिद्धि के माता-पिता संदीप जैन और स्वाति जैन को भी नाना-नानी बनने पर बधाई दी।
नवजात को गोद में लेते दिखे शिवराज
शेयर किए गए वीडियो में शिवराज सिंह चौहान अस्पताल में नर्स से नवजात पोते को अपनी गोद में लेते नजर आ रहे हैं। उनके साथ उनकी पत्नी साधना भी दिखाई दे रही हैं। वीडियो में बच्चे का चेहरा दिल के इमोजी से ढका हुआ है। परिवार में नए सदस्य के आने पर चौहान परिवार में खुशी का माहौल है। जनवरी में भी परिवार में नन्ही बच्ची के जन्म के बाद शिवराज सिंह चौहान दादा बने थे। अब कुछ महीनों के भीतर परिवार में एक और बच्चे के आने से यह खुशी फिर दोगुनी हो गई है।
‘अहान’ नाम का क्या है मतलब?
शिवराज सिंह चौहान ने अपने पोते का नाम ‘अहान’ रखा है। इस नाम को आमतौर पर भोर, सुबह, सूर्योदय या नई शुरुआत से जोड़कर देखा जाता है। संस्कृत के ‘अहन’ या ‘अह’ शब्द से इसका संबंध माना जाता है, जिसका अर्थ दिन से जुड़ा है। ऐसे में ‘अहान’ नाम नई सुबह और नई शुरुआत का प्रतीक माना जाता है। इससे पहले शिवराज सिंह चौहान ने अपनी पोती का नाम ‘इला’ रखा था। ‘इला’ संस्कृत मूल का नाम है, जिसका संबंध धरती, वाणी और उर्वरता से जोड़ा जाता है। वैदिक और पौराणिक परंपराओं में भी इला का उल्लेख मिलता है। परिवार में अब ‘इला’ को छोटा भाई मिल गया है और शिवराज सिंह चौहान दूसरी बार दादा बने हैं।
Read More

